लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा की लड़ाई जारी रहेगी, हिरासत से आंदोलन नहीं रुकेगा : चौधरी सुनील सिंह

Share

वोट चोरी के खिलाफ आंदोलन में किसान भी कूदे, सरकार की किसी भी कार्रवाई से नहीं रुकेगा कल का कार्यक्रम

नई दिल्ली। लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व एमएलसी चौधरी सुनील सिंह ने कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर INDIA गठबंधन के घटक दल लोकदल ने आज दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया।

लोकतंत्र और जनता के मताधिकार की रक्षा के लिए उठाई गई आवाज को दबाने के प्रयास के तहत दिल्ली पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया।

सुनील सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में सवाल पूछना और अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाना हर नागरिक का अधिकार है। विपक्ष की आवाज को हिरासत और पुलिस कार्रवाई से दबाया नहीं जा सकता।

उन्होंने कहा कि वोट चोरी के खिलाफ इस आंदोलन में अब किसान भी जुड़ गए हैं। किसानों ने चेतावनी दी है कि कल के हमारे कार्यक्रम को कोई भी सरकार रोक नहीं पाएगी। यह लड़ाई वोट चोरों को सत्ता से हटाने और लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई है।

चौधरी सुनील सिंह ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इशारे पर काम करने वाले कठपुतली हैं।

उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर उठ रहे सवालों का जवाब दिया जाना चाहिए और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग पर गंभीरता से विचार होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि INDIA गठबंधन लोकतंत्र, निष्पक्ष चुनाव और जनता के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करता रहेगा। हिरासत और पुलिस कार्रवाई से यह आंदोलन रुकने वाला नहीं है।

यह लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष की नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता के विश्वास को बचाने और हर नागरिक के मताधिकार की रक्षा करने की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *