जय भीम के नारों से गूंजा रमाबाई मैदान, गठबंधन को बताया यूपी का नया विकल्प

Share

 चंद्रशेखर और ओवैसी ने सामाजिक परिवर्तन मोर्चा‘ को बताया नया विकल्प

लखनऊ। लखनऊ में संविधान दिवस पर असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की संयुक्त रैली में बड़ी संख्या में समर्थक जुटे। यूपी में गठबंधन के बाद दोनों नेता पहली बार एक बड़े मंच पर साथ नजर आए। मंच पर दोनों का बड़ी माला पहनाकर स्वागत किया गया। ‘जय भीम’ के नारे गूंजे।

रमाबाई आंबेडकर मैदान नीले और हरे झंडों से पट गया। आयोजकों के मुताबिक, रैली में एक लाख से ज्यादा लोग पहुंचे। 100 से अधिक बसों से AIMIM और आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं को लखनऊ लाया गया। रैली में पांच लाख लोगों के जुटने का दावा पहले किया गया था।

ओवैसी और चंद्रशेखर ने गठबंधन को ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ नाम दिया है। रैली में लगाए गए पोस्टरों पर ‘दलित का बेटा सीएम बनेगा, अब्दुल का बेटा डिप्टी सीएम बनेगा’ लिखा है। गाजीपुर से आए पूर्वांचल AIMIM के सचिव डॉ. आदिल ने कहा कि जिस तरह जनता जुट रही है, उससे यह गठबंधन यूपी के लोगों के सामने एक विकल्प बनकर आया है। उन्होंने लोगों से नई सरकार बनाने के लिए मोर्चे को चुनने की अपील की।

आजम खान पर समर्थक की टिप्पणी, बिरयानी का जिक्र

रैली में एक समर्थक ने सपा नेता आजम खान पर टिप्पणी करते हुए कहा कि जेल की रोटी खाने से उनका दिमाग खराब हो गया है, इसलिए उन्हें हैदराबादी बिरयानी पसंद नहीं आ रही। समर्थक ने आरोप लगाया कि आजम खान लोगों को भड़काने का काम कर रहे हैं।

युवाओं और सरकार पर भी साधा निशाना

रैली में एक समर्थक ने देश के युवाओं और परीक्षाओं को लेकर भी सवाल उठाए। उसने कहा कि IIT, IIM और NEET जैसी परीक्षाएं पास करने वाले युवाओं से प्रधानमंत्री का खाना बनाने और ड्राइविंग जैसे सवाल पूछना उनका मजाक बनाने जैसा है। उसने यूपी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मौजूदा सरकार ज्यादा दिन नहीं टिकेगी।

वोट कटने के दावे पर AI का जिक्र

रैली में यूपी के मुख्यमंत्री को लेकर टिप्पणी करते हुए एक समर्थक ने दावा किया कि प्रदेश में हिंदुओं के वोट काटे गए हैं। जब उससे पूछा गया कि उसे यह कैसे पता चला, तो उसने जवाब दिया कि AI से पता किया है। इस जवाब पर रैली में मौजूद लोगों के बीच चर्चा हुई।।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *