बाबा साहब का दूसरा नाम ही कांशीराम है : कुंवर फ़तेह बहादुर

Share

सामाजिक संस्था बहुजन भारत के मुख्यालय पर बहुजन नायक कांशीराम के महानिर्वाण दिवस पर उन्हें दी गयी भावपूर्व श्रद्धांजलि

लखनऊ। सामाजिक संस्था बहुजन भारत के मुख्यालय पर शुक्रवार को बहुजन नायक कांशीराम के महानिर्वाण दिवस पर संस्था के सदस्यों ने उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस मौके पर संस्था के अध्यक्ष एवं पूर्व आईएएस कुंवर फ़तेह बहादुर ने कहा कि बहुजनों के उत्थान में कांशीराम जी के योगदान को कभी भी नहीं भुलाया जा सकता।

उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर ने संविधान में दलित, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यकों के अधिकार संरक्षित किये और कांशीराम जी ने संविधान प्रदत्त अधिकार इन वर्गों को दिलाये।

कुंवर फ़तेह बहादुर ने कहा कि कांशीराम जी ने 85 फ़ीसदी बहुजन समाज जिनमें दलित, आदिवासी, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक समाज शामिल है, इन्हें एक बैनर के नीचे एकत्र करके बहुजन समाज बनाया और इनके सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक उत्थान के लिए बहुजन समाज पार्टी का गठन किया। वे सिर्फ यहीं नहीं रुके, उन्होंने इन वर्गों को एकजुट करके देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में चार बार बहुजन समाज की सरकार बनायीं और सरकार में रहकर इन वर्गों को संविधान में प्रदत्त अधिकार इन्हें दिलाये।

संस्था के अध्यक्ष ने कहा कि आप ये कह सकते हैं कि बाबा साहब का दूसरा नाम कांशीराम है, क्योंकि उन्होंने अपने जीवनकाल में बाबा साहब के रुके हुए कारवां को आगे बढ़ाया और उनके सपनों को साकार करते हुए वंचितों को ना सिर्फ उनके अधिकार को दिलाया बल्कि सदियों से सताए गए इन वर्गों में स्वाभिमान पैदा किया और इन्हें अपने अधिकारों के लिए लोकतान्त्रिक तरीके से लड़ना सिखाया।

इस मौके पर संस्था के महासचिव चिंतामणि ने कहा कि बहुजनों यानि पीडीए समाज को अपने अधिकारों की रक्षा के लिए संविधान बचाने की लड़ाई लड़ रहे दल का साथ देना होगा।

उन्होंने कहा कि हमारे सारे अधिकार संविधान में ही निहित हैं, अगर संविधान नहीं रहा तो एक बार पीडीए समाज फिर से गुलाम हो जायेगा। संविधान विरोधी ताकतों को सत्ता से बाहर करना ही कांशीराम जी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि कांशीराम जी ने जो 15-85 का फार्मूला दिया वह आज भी सत्ता पाने की चाभी है। पीडीए समाज को इस चाभी को प्राप्त करने के लिए एकजुट होकर संघर्ष करना होगा तभी पीडीए समाज  को राजनीतिक शक्ति मिल पाएगी।

कार्यक्रम में आरएस प्रेम, नवल किशोर, राम कुमार गौतम, प्रह्लाद , राजकुमार दिवाकर भी मौजूद रहे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *