असपा प्रमुख ने कहा, अगर भाजपा सरकार ने लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन नहीं करने दे रही

लखनऊ। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चन्द्रशेखर आजाद को गुरुवार को बिजनौर से यूपी की योगी सरकार के खिलाफ सत्ता परिवर्तन यात्रा की शुरुआत करनी थी, लेकिन इससे पहले ही जिला व पुलिस प्रशासन ने उन्हें बिजनौर में ही हाउस अरेस्ट कर लिया। असपा प्रमुख चन्द्रशेखर आजाद का कहना है कि भाजपा सरकार लोकतांत्रिक तरीके से किये जा रहे आंदोलनों से भी घबरा रही है।
उन्होंने कहा कि उनका यह कार्यक्रम पिछले महीने से तय है और इसकी सूचना शासन को भी दी जा चुकी है। बावजूद इसके उनकी इस सत्ता परिवर्तन यात्रा पर रोक लगाने का सरकार का यह फैसला बताता है कि वह अंदर से कितना डरी हुई है और वह सरकार विरोधी किसी भी आंदोलन को बर्दाश्त नहीं कर पा रही है।

असपा प्रमुख ने कहा कि यूपी में अगले साल की शुरुआत में या इसी साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसी स्थिति में असपा अपनी चुनावी तैयारियों में जुटी है और बहुजन समाज को इस दमनकारी मनुवादी मानसिकता से ग्रसित सरकार के बारे में विस्तार से बता रही है।
भाजपा की संविधान और आरक्षण विरोधी नीतियों से बहुजनों को जागरूक करने के लिए ही असपा ने सत्ता परिवर्तन यात्रा की शुरुआत करने का निर्णय लिया था, लेकिन राज्य की भाजपा सरकार उनके इस लोकतांत्रिक विरोध को भी बर्दाश्त नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा कि अगर जल्दी ही सरकार ने उनकी सत्ता परिवर्तन यात्रा को शुरू करने की अनुमति न दी तो इसके खिलाफ असपा राज्यव्यापी आंदोलन छेड़ेगी।