उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ेगी आजाद समाज पार्टी (कांशीराम)
कमल जयंत
लखनऊ। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रांतीय कोषाध्यक्ष अमित गौतम का कहना है कि देश के जो मौजूदा हालात हैं, उसमें आसपा प्रमुख चन्द्रशेखर आजाद बहुजनों की लड़ाई लड़ रहे हैं और बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर व बहुजन नायक कांशीराम जी के मिशन व कारवां को आगे बढ़ा रहे हैं।

उनका कहना है कि तमाम मुसीबत और उत्पीडऩ बर्दाश्त करके बाबा साहब ने वंचित समाज के कारवां को आगे बढ़ाया और उनके इस कारवां को कांशीराम जी ने रुकने नहीं दिया।
ऐसे में अब बहुजन समाज के लोगों की जिम्मेदारी है कि वे बाबा साहब के कारवां और कांशीराम जी के मिशन को रुकने न दें और उसे आगे बढ़ायें।
अमित गौतम का कहना है कि आसपा प्रमुख ने कांशीराम जी के मिशन को आगे बढ़ाने के लिए राजनीतिक दल का गठन किया।
मौजूदा हालात में आसपा प्रमुख बहुजनों की आवाज बनकर पूरे देश में दलितों, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक समाज पर हो रहे उत्पीडऩ के खिलाफ सडक़ से लेकर संसद तक संघर्ष कर रहे हैं।
उनका कहना है कि यूपी में होने वाले विधानसभा में आसपा अपनी पूरी ताकत से चुनाव लड़ेगी, पार्टी प्रमुख का मकसद यूपी में बैलेंस आफ पावर बनना है।
ताकि सत्ता की कमान चाहे जिसके पास हो, लेकिन उसे नियंत्रित करने की ताकत हमारी पार्टी के पास हो।

अमित गौतम का कहना है कि अगर हम विधानसभा चुनाव में मजबूत होकर उभरेंगे, जिसकी सभी को पूरी उम्मीद है तो फिर आसपा मजलूमों के खिलाफ किसी भी तरह का कोई अन्याय व अत्याचार नहीं होने देगी।
इसके लिए जरूरी होगा तो पार्टी आंदोलन भी चलाएगी। अमित गौतम का कहना है कि बहुजन समाज के लोगों का चन्द्रशेखर आजाद पर पूरा भरोसा है जिसकी वजह से पार्टी गठन के कुछ समय बाद ही बिजनौर की आवाम ने उन्हें संसद पहुंचाया।
ताकि वे बहुजनों पर हो रही ज्यादती के खिलाफ अपनी आवाज लोकसभा में बुलंद करें। चन्द्रशेखर आजाद ने बहुजनों को निराश भी नहीं किया है और वे संसद में संविधान और आरक्षण बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं।
अमित गौतम का कहना है कि आजाद समाज पार्टी (काशीराम) उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ेगी और जो सामाजिक परिवर्तन व आर्थिक मुक्ति का जो आंदोलन है इसको गति देगी।