सत्ता परिवर्तन यात्रा के आगाज़ पर सांसद चंद्रशेखर का दावा, 2027 में यूपी में बनेगी आसपा की सरकार
नगीना (बिजनौर)। आजाद समाज पार्टी (आसपा) के सुप्रीमो और सांसद चंद्रशेखर ने कहा है कि अगले साल यूपी में आसपा की सरकार बनेगी और फर्जी एनकाउंटर तथा बुलडोजर से मकान तोड़े जाने की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। हर घर को 300 यूनिट बिजली मुफ्त और सभी को न्यूनतम 753 रुपये दैनिक वेतन दिया जाएगा। वे आज नगीना से अपनी प्रदेशव्यापी सत्ता परिवर्तन यात्रा के आगाज़ पर आयोजित विशाल रैली में भीड़ को संबोधित कर रहे थे।
रैली में चंद्रशेखर ने भीड़ में जोश भरते हुए कहा कि आप अपने अगले आठ माह मुझे दीजिए और अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में आपको आसपा की सरकार बनाकर देने का काम मैं करूंगा। यूपी में जब आसपा की सरकार बनेगी तो गुजरात मॉडल नहीं, नगीना मॉडल लागू किया जाएगा। नगीना मॉडल का मतलब समझाते हुए उन्होंने कहा कि इस मॉडल को लागू करने वाली सरकार जुल्म-ज्यादती करने वाली तानाशाही नहीं, बल्कि संवैधानिक ढंग से काम करने वाली होगी। हमारी सरकार आने पर किसी पर भी जुल्म-ज्यादती बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

हर घर को मिलेगी 300 यूनिट बिजली मुफ्त, सभी को मिलेगा न्यूनतम 753 रुपये दैनिक वेतन
सत्ता परिवर्तन यात्रा को रोकने के लिए सरकार की कोशिश पर भी चंद्रशेखर ने रोष प्रकट करते हुए कहा कि मैं जानता हूं, जिसकी सरकार होती है उसके इशारे पर पुलिस और प्रशासन काम करता है, लेकिन मैं साफ-साफ बता देना चाहता हूं कि हम लोग बैनर फाड़ने और यात्रा को रोकने के लिए अपनाए जा रहे सरकार के हथकंडों से डरने वाले नहीं हैं। हमें पता है कि दो दिन पहले प्रदेश के मुख्यमंत्री आए थे और वे कहकर गए हैं कि सत्ता परिवर्तन यात्रा सफल नहीं होनी चाहिए।

आसपा सुप्रीमो ने कहा कि नगीना ने मुझे संसद में सभी की आवाज़ उठाने के लिए भेजा है और मैं सभी की आवाज़ उठाने का काम कर भी रहा हूं।
2014 में कहा गया था कि हम गुजरात मॉडल लागू करेंगे। लोगों ने देख लिया कि गुजरात मॉडल से देश और प्रदेश में क्या हो रहा है। चारों ओर धर्म, जाति और वर्ग के नाम पर जुल्म-ज्यादती हो रही है। मैंने सपना देखा है कि अब गुजरात मॉडल नहीं, प्रदेश नगीना मॉडल से चलेगा।
चंद्रशेखर ने कहा कि नगीना मॉडल में कक्षा 1 से 12 तक की शिक्षा मुफ्त होगी, सभी को मुफ्त स्वास्थ्य सेवा मिलेगी, पूरी तरह शराबबंदी होगी, बैकलॉग भरे जाएंगे, पुलिस के जवानों को आठ घंटे की ड्यूटी और साप्ताहिक अवकाश मिलेगा, शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्ति दी जाएगी, महिलाओं की सुरक्षा के लिए सख्त कानून बनाए जाएंगे, पुरानी पेंशन योजना लागू की जाएगी, किसानों को फसलों का वाजिब दाम मिलेगा, खाने-पीने की चीजों में मिलावट करने वालों को उम्रकैद की सजा दी जाएगी, तहसील स्तर पर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मुफ्त कोचिंग की व्यवस्था होगी, मशीनों से सफाई कराई जाएगी।

रेहड़ी-पटरी वालों के लिए व्यवस्थित बाजार बनाए जाएंगे, खेल और खिलाड़ियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, एससी-एसटी की तरह पिछड़ी जातियों को पदोन्नति में भी आरक्षण दिया जाएगा, बहुजन समाज के महापुरुषों के प्रेरणास्थलों का संरक्षण किया जाएगा, सभी संविदा कर्मियों को स्थायी नौकरी दी जाएगी, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को राज्य कर्मचारी का दर्जा दिया जाएगा, होमगार्ड और पीआरडी जवानों को बेहतर मानदेय मिलेगा, गांवों में रोजगार के साधन विकसित किए जाएंगे, हर महिला को रोजगार का प्रशिक्षण दिया जाएगा, आरक्षण संबंधी विसंगतियों को दूर किया जाएगा, पेपर लीक पर रोक लगाई जाएगी, वार्षिक परीक्षा कैलेंडर लागू किया जाएगा तथा हर बेघर को पक्का मकान दिया जाएगा।
चंद्रशेखर ने प्रदेश की जनता का आह्वान किया कि प्रदेश की तानाशाह सरकार को उखाड़ फेंकिए और उनकी सरकार बनाने के लिए आगे आइए। प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के लिए सभी भागीदार बनें और ऐसी संवैधानिक सरकार बनाने का काम करें जो सभी वर्गों का सम्मान करे, किसी पर भी जुल्म-ज्यादती न होने दे, सभी को उनका हक दे, बेरोजगारों को रोजगार और महिलाओं को बराबरी का अधिकार दे।