विधान परिषद की दैवीय आपदा प्रबंधन जांच समिति की बैठक सम्पन्न
वाराणसी। सर्किट हाउस सभागार में मंगलवार को उत्तर प्रदेश विधान परिषद की दैवीय आपदा प्रबंधन समिति ने आपदा से संबंधित बचाव और तैयारियों की समीक्षा की। बैठक की अध्यक्षता समिति के सभापति डॉ. लालजी प्रसाद निर्मल ने की। बैठक में सभापति ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि दैवीय आपदा, विशेषकर सर्पदंश से हुई मौतों के मामलों में पोस्टमार्टम अनिवार्य कराएं, ताकि परिजनों को सहायता राशि में कोई कठिनाई न हो। बैठक में चंदौली और वाराणसी के अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक की शुरुआत में एडीएम एफआर वाराणसी द्वारा जिले की आपदा की सभी जानकारियां समिति के समक्ष प्रस्तुत की गई जिसमें उन्होंने बाढ़, अग्निकांड, शीतलहर, डूबना, सर्पदंश, वज्रपात, अतिवृष्टि तथा आंधी तूफान से हुई जनहानि तथा दिए गए वित्तीय मदद व राहत को प्रस्तुत किया। बैठक में सभापति ने कहा कि प्राथमिक विद्यालयों में प्रार्थना सभा के समय आपदा मित्रों के माध्यम से बच्चों को आपदा से बचाव की जानकारी दी जाए।
बाढ़ और अन्य आपदा प्रभावित क्षेत्रों में बनाए गए रैन बसेरा, अलाव, कूलर और अन्य कार्यों का व्यय विवरण समिति को प्रस्तुत किया जाए। बेसिक शिक्षा अधिकारी को वेक्टर जनित रोगों से बचाव हेतु सभी जरूरी कार्य करने को निर्देशित किया गया। जिला विद्यालय निरीक्षक के द्वारा जन जागरूकता हेतु कराए गए कार्यक्रमो की विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने बताया अप्रैल, जुलाई व अक्टूबर में बच्चों के बीच जागरूकता अभियान चलाया जाता है। पत्थर खदानो एवं ईट भट्ठो के मालिको से समन्वय स्थापित करते हुए वहां पर कार्यरत मजदूरो की समय-समय स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश दिए गए। वायु प्रदूषण की स्थिति व उसे रोकने के लिए आवश्यक कार्यवाही की जाए।

डीएम ने समिति को किया आश्वस्त बैठक में दिए गए निर्देशों का शत प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कर समिति को अवगत कराया जाएगा
डॉ. लालजी प्रसाद निर्मल ने निर्देश दिया कि लोक निर्माण विभाग और सिंचाई विभाग द्वारा किए गए कार्यों का ऑडिट कराकर आख्या समिति को रिपोर्ट सौंपें। वित्तीय वर्ष 2023-24, 2024-25 और 2025-26 में दैवीय आपदा से लाभ प्राप्त करने वालों की बिंदुवार समीक्षा की जाए। बैठक में अपर पुलिस आयुक्त शिवहरि मीणा द्वारा एनडीआरफ, एसडीआरफ, जल पुलिस, फायर स्टेशन समेत अग्निशमन आदि की जानकारी समिति को प्रस्तुत की गई। डीएफओ वाराणसी स्वाति ने मियावकी पद्धति से लगे पौधों से भी समिति को अवगत कराया। बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने समिति को आश्वस्त करते हुए कहा कि बैठक में दिए गए निर्देशों का शत प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कर समिति को अवगत कराया जाएगा। इसके पहले जिलाधिकारी वाराणसी सत्येंद्र कुमार, जिलाधिकारी चंदौली चंद्र मोहन गर्ग, सभापति व सदस्यगण हंसराज विश्वकर्मा, डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी को पुष्प गुच्छ अंगवस्त्रम व स्मृति चिन्ह प्रदान कर स्वागत व अभिनन्दन किया गया।