आरक्षण को लेकर सरकार ने जो वायदा किया उसे पूरा करे
लखनऊ । आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि सरकारें अपने सभी वादे पूरे नहीं कर सकतीं, लेकिन आरक्षण को लेकर जो घोषणाएं की गई थीं, उन्हें पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यूपी में महंगाई, भ्रष्टाचार और अपराध का बोलबाला है। चंद्रशेखर आजाद यूपी प्रेस क्लब में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि बिजली संकट से प्रदेश की जनता त्रस्त है और राज्य की योगी सरकार मस्त है।
चंद्रशेखर आजाद ने शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि देश में सभी को समान शिक्षा मिलनी चाहिए।
उन्होंने बिजनौर के एक अस्पताल का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि वहां जनरेटर में तेल न होने, दवाओं की कमी और स्टाफ की कमी के कारण एक बच्चे की जान चली गई।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति चिंताजनक है और सरकार को इस दिशा में गंभीर कदम उठाने
चाहिए।
असपा की सत्ता परिवर्तन यात्रा दो जून को बिजनौर से होगी शूरू
असपा प्रमुख ने कहा कि उनकी पार्टी की सत्ता परिवर्तन यात्रा दो जून से बिजनौर से शूरू होगी ये यात्रा राज्य की सभी विधानसभा सीटों में जाएगी।
इस यात्रा का मकसद बहुजन समाज के लोगों में संविधान विरोधी और आरक्षण विरोधी ताकतों के खिलाफ जागरूकता पैदा करना है।
उन्होंने कहा कि यूपी में होने वाले विधानसभा चुनाव में बहुजन समाज के लोग संविधान विरोधी सरकार को यूपी की सत्ता से बाहर करके अपनी विचारधारा की सरकार बनायेंगे ।

चंद्रशेखर आजाद ने अम्बेडकर महासभा में पहुंचकर बाबा साहब के अस्थि कलश पर अर्पित की श्रद्धांजलि
पत्रकारों से बातचीत करने से पहले चंद्रशेखर आजाद ने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के अस्थिकलश स्थल पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने बाबा साहब के सामाजिक न्याय, समानता और संविधानिक मूल्यों पर आधारित विचारों को याद करते हुए उन्हें नमन किया।
आज़ाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि बाबा साहब का जीवन समाज के वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों के अधिकारों की लड़ाई का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से बाबा साहब के विचारों को अपनाने और संविधान की रक्षा के लिए जागरूक रहने का आह्वान किया। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समर्थक भी मौजूद रहे। सभी ने बाबा साहब को पुष्पांजलि अर्पित कर उनके योगदान को स्मरण किया। मालूम हो कि चंद्रशेखर आजाद ने चार दिन पहले घोषणा की थी कि बाबा साहब की अस्थियों को महासभा परिसर से हटाने नहीं दिया जायेगा।