बैठक में स्पेशल कंपोनेंट प्लान के अंतर्गत बने चार मेडिकल कॉलेजों में एससी/एसटी के लिए निर्धारित 70% सीटों को घटाये जाने के मामले में हुई चर्चा
लखनऊ। बहुजन समाज वृंदावन ग्रुप द्वारा चलाए जा रहे बहुजन जागरूकता एकता अभियान के क्रम में सोमवार को 46 वीं मासिक बैठक आरएस दिवाकर के आवास पर राम लगन सिंह यादव की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में भारी संख्या में लोग उपस्थित हुए।
संयोजक रामकुमार गौतम ने बताया कि ग्रुप के द्वारा संविधान दिवस पर 26 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाले कार्यक्रम के संबंध में तथा संत रविदास ज्ञान विहार कॉलोनी पश्चिम निशुल्क कोचिंग के संबंध में विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में वीर बहादुर बौद्ध द्वारा लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया। इस संबंध में सदस्यों से अवशेष कार्यों को पूर्ण कराए जाने हेतु आर्थिक सहयोग की अपील की गई।

बैठक में एससी/एसटी ओबीसी के आरक्षण, जातिवार जनगणना, नेशनल जुडिशल कमीशन बनाए जाने, स्पेशल कंपोनेंट प्लान के अंतर्गत बने चार मेडिकल कॉलेजों अंबेडकर नगर, सहारनपुर, जालौन,कन्नौज में प्रवेश हेतु पूर्व से एससी एसटी के लिए निर्धारित 70% सीटों को घटाकर 23 परसेंट किए जाने हेतु उच्च न्यायालय के आदेश पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में कार्तिक पूर्णिमा को आयोजित होने वाली धम्म यात्रा तथा सामूहिक जीवन दान पर भी चर्चा की गई। बैठक में उद्यमी रविन्द कुमार द्वारा नवयुवकों को सरकार से सहयोग लेकर उद्योग लगाने की अपील की गई। दिवाकर के धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक समाप्ति की घोषणा की गई।
