मिशन सुरक्षा परिषद ने रक्षामंत्री से मिलकर डा. अम्बेडकर महासभा को यथास्थिति बनाए रखने का किया अनुरोध
लखनऊ। मिशन सुरक्षा परिषद के एक प्रतिनिधि मण्डल ने परिषद् के राष्ट्रीय अध्यक्ष गंगाराम अम्बेडकर के नेतृत्व में देश के रक्षामंत्री एवं लखनऊ के राजनाथ सिंह से मिलकर लखनऊ में विधानसभा के सामने स्थापित डा.अम्बेडकर महासभा को यथास्थिति बनाए रखने का अनुरोध किया। प्रतिनिधि मण्डल ने रक्षामंत्री को अवगत कराया कि उक्त पावन स्थल जहां पर बाबा साहब डा.अम्बेडकर की पत्नी श्रीमती सविता ताई अम्बेडकर द्वारा अस्थिकलश स्थापित ग्किया गया था एवं पूर्व राष्ट्रपति के.आर.नारायण जी द्वारा बोधिवृक्ष रोपित किया गया था। साथ ही खुद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहते 2001 में स्वयं आपने बाबा साहब की विशाल प्रतिमा का अनावरण किया था।

गंगाराम अम्बेडकर ने रक्षामंत्री को बताया कि पूरे देश के शोषित, वंचित एवं बाबा साहब के करोड़ों अनुयायियों की आस्था उक्त पावन स्थल से जुड़ी हुई है। उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी अब तक के अपने कार्यकाल में सबसे ज्यादा बार लगभग 20 बार उस पावन स्थल पर पहुंचकर कई ऐतिहासिक फैसले लिए, जिसमें डा. अम्बेडकर की तस्वीर सभी सरकारी दफ्तरों में अनिवार्य रूप से लगाने उत्तरप्रदेश में बाबा साहब के 4030 स्मारक बनाने का ऐलान सहित उनके सम्मान में बी.एस.पी.सरकार में बनें स्मारकों के रखरखाव का बजट जारी करना शामिल है।
महासभा का कहीं अन्य स्थान पर स्थांतरित किया जाना देशभर के करोड़ों अनुयायियों को दुखी एवं नाराज किये जाने की हो सकती है एक बड़ी भूल
योगी जी ने बाबा साहब की जयंती एवं महापरिनिर्वाण दिवस पर उन्हें निरन्तर पुष्प अर्पित करके बाबा साहब के अनुयाइयों का दिल जीतने का काम किया है। इतने मजबूत काम करने के बाद डा.अम्बेडकर महासभा का कहीं अन्य स्थान पर स्थांतरित किया जाना देशभर के करोड़ों अनुयायियों को दुखी एवं नाराज किये जाने की एक बड़ी भूल हो सकती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने बाबा साहब के सम्मान में बनें पंच तीर्थ के स्थानों पर कोई परिवर्तन नहीं किया है, जहां पर बाबा साहब की यादें जुड़ी थी उसी स्थान बड़ा बजट जारी करके राष्ट्रीय स्मारक (पंच तीर्थ) का हिस्सा बनाने का ऐतिहासिक काम किया गया है।
अम्बेडकर ने बताया कि रक्षामंत्री ने सारी तथ्यात्मक बिन्दुओं को गौर से सुनते हुये मुख्यमंत्री से बात करके इस विषय पर समाधान कराने का भरोसा दिलाया। प्रतिनिधि मण्डल में मिशन सुरक्षा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष गंगाराम अम्बेडकर के नेतृत्व में राष्ट्रीय महासचिव गंगाराम चौधरी , राष्ट्रीय उपाध्यक्ष त्रिवेंद्र कुमार सीटू दोहरे, प्रदेश अध्यक्ष श्रम प्रकोष्ठ संजय सिंह, प्रदेश महासचिव प्रताप सिंह राव, वरिष्ठ नेता रामनरेश गौतम, सुशील बाबू उपस्थित रहे।