डिप्लोमा फार्मासिस्ट राजपत्रित अधिकारी एसोसिएशन के अथक प्रयासों से जगी पदोन्नति की उम्मीद

लखनऊ। डिप्लोमा फार्मासिस्ट राजपत्रित अधिकारी एसोसिएशन (DPRA) के प्रदेश नेतृत्व के निरंतर एवं अथक प्रयासों के परिणामस्वरूप प्रदेश के फार्मासिस्ट संवर्ग की एक लंबी प्रतीक्षा और संघर्ष अब सुखद परिणाम की ओर बढ़ता दिख रहा है। महानिदेशालय, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं, उत्तर प्रदेश द्वारा चयन वर्ष 2026-27 हेतु प्रभारी अधिकारी (फार्मेसी) से विशेष कार्याधिकारी (फार्मेसी) के पद पर प्रोन्नति की प्रक्रिया आधिकारिक रूप से प्रारंभ कर दी गई है।
एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष जे. के. सचान, प्रदेश महामंत्री प्रद्युम्न सिंह एवं प्रदेश प्रवक्ता राजीव कुमार (राजीव कनौजिया) द्वारा शासन स्तर, परम उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक जी एवं महानिदेशालय (DG Office) में लगातार की जा रही सशक्त पैरवी व बैठकों के बाद यह महत्वपूर्ण सफलता हासिल हुई है।
महानिदेशालय द्वारा जारी आधिकारिक पत्र (पत्र संख्या: 4डी(2)/2022/1639, दिनांक 25/09/2026) के माध्यम से संबंधित विभागाध्यक्षों/मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं कि वरिष्ठता क्रम में आने वाले अधिकारियों की विगत 10 वर्षों (वर्ष 2015-16 से 2024-25) की चरित्र प्रविष्टियां (ACR), अद्यतन स्थिति एवं मानव संपदा पोर्टल से संबंधित विवरण तत्काल महानिदेशालय को उपलब्ध कराएं।
पदोन्नति की दौड़ में शामिल वरिष्ठ अधिकारी व महानिदेशालय द्वारा जारी सूची में निम्नलिखित अधिकारियों की प्रविष्टियां मांगी गई हैं, जिनमें
श्री अमित कुमार दुबे (प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक, नेहरू चिकित्सालय, मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर), शिव शंकर (मुख्य चिकित्सा अधिकारी, बलरामपुर), दुष्यंत मोहन शुक्ला (मुख्य चिकित्सा अधिकारी, महिला चिकित्सालय, उन्नाव), गणेश जी शुक्ला (मुख्य चिकित्सा अधिकारी, बलरामपुर), दुर्गा प्रसाद सिंह (अपर निदेशक, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंडल, गोरखपुर) के नाम शामिल हैं।
शीघ्र पदोन्नति की संभावना: चरित्र प्रविष्टियां (CR) एवं अनापत्ति आख्या शासन में पहुंचते ही विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की बैठक आयोजित कर सभी पात्र अधिकारियों को विशेष कार्याधिकारी (फार्मेसी) पद पर प्रोन्नति प्रदान कर दी जाएगी।
एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष जे. के. सचान, महामंत्री प्रद्युम्न सिंह एवं प्रवक्ता राजीव कुमार ने इस सकारात्मक कदम के लिए परम उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, शासन के उच्च अधिकारियों एवं महानिदेशक (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) का हृदय से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने विश्वास जताया है कि इस निर्णय से संवर्ग में हर्ष की लहर है और इससे स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली में और अधिक दक्षता एवं ऊर्जा का संचार होगा।