मायावती ने आकाश आनंद के ससुर के बाद अंटू मिश्रा को भी बसपा से निकाला

Share

बसपा प्रमुख ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से चुनाव के दौरान विरोधी दलों के कथित साम, दाम, दंड और भेद जैसे हथकंडों से सावधान रहने की अपील की

लखनऊ। यूपी के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री अनंत कुमार मिश्रा उर्फ अंटू मिश्रा को बसपा से निष्कासित कर दिया गया है। अंटू मिश्रा, बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा के मामा के बेटे हैं।

मायावती ने गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे अपने एक्स हैंडल पर अंटू मिश्रा के निष्कासन की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अनंत कुमार मिश्रा को “पार्टी विरोधी गतिविधियों आदि” के चलते तत्काल प्रभाव से निष्कासित किया गया है।

विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच अंटू मिश्रा का निष्कासन बसपा की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। कुछ दिन पहले ही मायावती ने आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ को भी पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया था।

मायावती ने एक्स पर लिखा- उत्तर प्रदेश में बी.एस.पी. सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रहे श्री अनन्त कुमार मिश्रा उर्फ अन्टू मिश्रा को उनकी पार्टी विरोधी गतिविधियों आदि के फलस्वरूप आज तत्काल प्रभाव से उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है।

बसपा प्रमुख ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से चुनाव के दौरान विरोधी दलों के कथित साम, दाम, दंड और भेद जैसे हथकंडों से सावधान रहने की अपील की।

उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ अंबेडकरवादी मिशन को आगे बढ़ाने और आगामी विधानसभा चुनाव में BSP को सफल बनाने में जुटें।

लंबे समय से पार्टी गतिविधियों से दूरी

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, अनंत मिश्रा पिछले कुछ समय से BSP की सक्रिय गतिविधियों से दूरी बनाए हुए थे। उनके दूसरे दलों के नेताओं के संपर्क में होने और भाजपा में जाने की अटकलें भी समय-समय पर सामने आती रही हैं। हालांकि, मायावती ने निष्कासन की आधिकारिक वजह पार्टी विरोधी गतिविधियां बताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *