धनतेरस का यह पावन पर्व हमें मानव सेवा, स्वास्थ्य संरक्षण एवं रोगियों के प्रति समर्पण के अपने कर्तव्य का स्मरण कराता है : डॉ. बी.के.एस. चौहान

लखनऊ। धनतेरस के पावन अवसर पर आज बलरामपुर चिकित्सालय, लखनऊ में आरोग्य एवं चिकित्सा के देवता भगवान धन्वंतरि की विधि-विधान एवं श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर चिकित्सालय के निदेशक एवं प्रमुख अधीक्षक डॉ. बी.के.एस. चौहान, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. हिमांशु चतुर्वेदी एवं चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रवीण कुमार श्रीवास्तव द्वारा भगवान धन्वंतरि का पूजन-अर्चन कर सभी के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि एवं आरोग्य की कामना की गई।
इस अवसर पर चिकित्सालय के अन्य वरिष्ठ चिकित्साधिकारी, विभागाध्यक्ष, चिकित्सक, नर्सिंग अधिकारी, पैरामेडिकल एवं अन्य कर्मचारीगण भी उपस्थित रहे तथा सभी ने पूजा-अर्चना में सहभागिता की। इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि भगवान धन्वंतरि को आयुर्वेद एवं चिकित्सा का जनक माना जाता है। धनतेरस का यह पावन पर्व हमें मानव सेवा, स्वास्थ्य संरक्षण एवं रोगियों के प्रति समर्पण के अपने कर्तव्य का स्मरण कराता है। चिकित्सालय परिवार का संकल्प है कि प्रत्येक मरीज को बेहतर, गुणवत्तापूर्ण एवं संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाती रहें। पूजा-अर्चना के साथ ही सभी ने दीपावली एवं धनतेरस के पावन पर्व पर जनसामान्य के स्वस्थ, सुखी एवं मंगलमय जीवन की कामना की।