चंद्रशेखर आजाद की ‘बहुजन स्वाराज संकल्प महारैली’ की तैयारियां तेज, लखनऊ में प्रदेश स्तरीय बैठक संपन्न

Share

26 नवंबर को संविधान दिवस पर जुटेगा बहुजन समाज, प्रदेशभर में जनसंपर्क अभियान और वॉलिंटियर टीम गठित करने के निर्देश

लखनऊ। आगामी 26 नवंबर 2026 को संविधान दिवस के अवसर पर लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में आयोजित होने वाली ‘बहुजन स्वाराज संकल्प महारैली’ को सफल बनाने के लिए आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में राजधानी लखनऊ में प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार चित्तौड़ की अध्यक्षता में प्रदेश स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में महारैली की तैयारियों की समीक्षा करते हुए प्रदेशभर में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने की रणनीति बनाई गई।

बैठक में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पहुंचे जोन एवं मंडल पदाधिकारियों, भाईचारा कमेटियों और पार्टी के सभी फ्रंटल संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार चित्तौड़ ने पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जोन, मंडल, जिला और विधानसभा स्तर पर संगठन को सक्रिय करते हुए अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचें और उन्हें महारैली में शामिल होने के लिए आमंत्रित करें।

महारैली की व्यवस्थाओं को लेकर विशेष रणनीति तैयार की गई। इसके तहत पूरे प्रदेश से वॉलिंटियर टीम गठित की जाएगी, जो कार्यक्रम से एक दिन पहले लखनऊ के विभिन्न स्थानों पर तैनात रहेगी। यह टीम दूसरे जिलों से आने वाले लोगों को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाने, मार्गदर्शन करने और यातायात एवं अन्य व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में सहयोग करेगी।

इसके अलावा महारैली में शामिल होने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवागमन, स्वागत और व्यवस्था सहित विभिन्न जिम्मेदारियों के लिए अलग-अलग समितियों का गठन किया जा रहा है। इन समितियों के माध्यम से कार्यक्रम के संचालन को व्यवस्थित बनाने की योजना है। बैठक में प्रदेश महामंत्री एवं राष्ट्रीय कोर कमेटी सदस्य निजाम चौधरी, प्रदेश महासचिव डॉ. मोहम्मद आकिब, प्रदेश महामंत्री यशवंत मौर्य, प्रदेश उपाध्यक्ष सौरभ किशोर, अरविंद राजवंशी पासी, सुनील पटेल, प्रदेश संगठन मंत्री नीरज कश्यप, प्रदेश सचिव एडवोकेट मोहम्मद इमरान, पटेल आशुतोष नागरिक, प्रदेश सचिव अनिकेत धानुक, प्रदेश कोषाध्यक्ष एवं कार्यालय प्रभारी अमित गौतम तथा प्रदेश मीडिया प्रभारी अर्पित पटेल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों ने आपसी समन्वय और संगठनात्मक एकजुटता के साथ प्रदेशव्यापी जनसंपर्क अभियान चलाने का संकल्प लिया। पार्टी का लक्ष्य 26 नवंबर को आयोजित होने वाली ‘बहुजन स्वाराज संकल्प महारैली’ में प्रदेशभर से व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *