2027 का विधानसभा का चुनाव संविधान बचाने का चुनाव  : कुंवर फ़तेह बहादुर 

Share

संविधान के तहत जिन वर्गों को अधिकार, मान-सम्मान एवं सुरक्षा प्राप्त हुई उन वर्गों को ऐसे लोगों से सावधान रहने की जरूरत जो संविधान विरोधियों के साथ  

लखनऊ। सामाजिक संस्था बहुजन भारत के अध्यक्ष एवं पूर्व आईएएस कुंवर फ़तेह बहादुर ने कहा कि महिलाओं, गरीबों, वंचितों, शोषितों, दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों को संविधान से लाभ प्राप्त हो रहे हैं। इन सभी वर्गों को संविधान से ही बराबरी का अधिकार मिला। ऐसे में इन वर्गों की जिम्मेदारी बनती है कि वे संविधान की रक्षा के लिए आगे आयें।

कुंवर फ़तेह बहादुर ने कहा कि आज भी संविधान का वही लोग विरोध कर रहे हैं जो संविधान बनने के समय इसका विरोध करते थे। चूँकि संविधान विरोधी ताकतें सत्ता में हैं, इस वजह से ये फिर से संविधान का विरोध करने में जुट गए हैं। 2024 में हुए लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा के कई नेताओं ने संविधान बदलने की बात कही थी, लेकिन संविधान से जिन वर्गों को अधिकार मिल रहे हैं उन्होंने संविधान का विरोध करने वालों को यूपी में करारा जवाब दिया और जो दल चार सौ पार सीट लाकर सरकार बनाने की बात कर रहा था वह अपने दम पर केंद्र में सरकार भी नहीं बना सका।

उन्होंने कहा कि यूपी में देखा जा रहा है कि कुछ राजनीतिक दल इस लड़ाई में परोक्ष रूप से संविधान विरोधियों के साथ खड़े होकर आपस में गठबंधन करके यूपी में होने वाले विधानसभा चुनाव में सपा के नेतृत्व में इण्डिया गठबंधन को नुकसान पहुंचाना चाहते हैं। यूपी में एआईएमआईएम और आजाद समाज पार्टी के नेताओं ने गठबंधन किया है और दोनों दलों के नेता एनडीए गठबंधन को हराने की बात कर रहे हैं, लेकिन इस गठबंधन के नेताओं का मकसद सपा-कांग्रेस गठबंधन को नुकसान पहुंचाकर एक बार फिर यूपी में भाजपा की सरकार बनवाना है। बसपा प्रमुख मायावती भी अकेले चुनाव लड़कर परोक्ष रूप से भाजपा को सहयोग कर रहीं हैं। जबकि मायावती जी को ये बात अच्छी तरह से मालूम है कि वह अकेले चुनाव लड़कर बसपा की सरकार नहीं बना सकतीं हैं। इन दलों का मकसद अपनी सरकार बनाना नहीं बल्कि सपा-कांग्रेस के इण्डिया गठबंधन के वोट को काटना है, जैसा कि ओवैसी अन्य राज्यों में पहले भी करते आये हैं। ओवैसी और चंद्रशेखर अपने अंतर्मन में झाँककर देखें तो उन्हें भी ये मालूम है कि दोनों दल मिलकर यूपी में सरकार नहीं बना सकते, इससे साफ है कि वे भाजपा को मदद पहुंचाने के लिए चुनाव मैदान में हैं

उन्होंने कहा कि दलितों, मुस्लिमों और पिछड़ा वर्ग के लोगों को यह देखना होगा कि कहीं ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन के मैदान में आने से संविधान विरोधी ताकतें मजबूत तो नहीं हो रहीं हैं, क्योंकि ये चुनाव भी संविधान विरोधी ताकतों और संविधान समर्थक ताकतों के बीच होना है। ये चुनाव धर्म और अधर्म के बीच होगा, ऐसे में जो लोग संविधान विरोधियों के साथ हैं वह अधर्म के साथ हैं और संविधान समर्थकों को इस लड़ाई में अधर्म के साथ खड़े किसी का भी किसी भी कीमत में साथ नहीं देना है, अगर हमारा भाई भी अधर्म के साथ खड़ा है तो हमें उसका भी विरोध करना होगा। क्योंकि इस गठबंधन की जो रणनीति है कि वो परोक्ष रूप से भाजपा को मदद पहुंचाने की है, हमें इनकी इस साजिश से सतर्क रहना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *