भाजपा को नहीं, सेक्युलर पार्टियों को नुकसान पहुंचा रहे ओवैसी : सलाहुद्दीन सिद्दीकी

Share

इस समय संविधान बचाना सबसे जरूरी, क्योंकि संविधान से ही मुस्लिमों को मिल रहे हैं सारे अधिकार और केवल सपा ही लड़ रही संविधान बचाने की लड़ाई

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं यूपी के पूर्व राज्य मंत्री सलाहुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी धर्मनिरपेक्ष दलों को नुकसान पहुँचाने के लिए इनदिनों यूपी में सक्रिय हैं।

उन्होंने कहा कि वे भाजपा को फायदा पहुँचाने के लिए मुस्लिमों को अपने पक्ष में एकजुट करने में जुटे हुए हैं, ताकि मुस्लिमों में विभाजन हो जाय और इसका सीधा फायदा भाजपा को मिले।

सिद्दीकी ने कहा कि ओवैसी किसी भी राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव से ठीक पहले वहां सक्रिय होते हैं, यूपी में अगले साल के शुरुआत में विधानसभा के चुनाव होने हैं तो वे ऐसे में इनदिनों यूपी में सक्रिय हो गए हैं।

सपा नेता ने कहा कि अब वे मुस्लिमों में इस तरह का भ्रामक दुष्प्रचार कर रहे हैं कि वह तो सपा के साथ तालमेल करके चुनाव लड़ना चाहते हैं, लेकिन सपा उन्हें अपने गठबंधन में शामिल नहीं कर रही है, इसलिए यूपी में हम अकेले चुनाव मैदान में उतरेंगे।

उन्होंने कहा कि ओवैसी का मकसद मुस्लिम वोटों में विभाजन और चुनाव को हिन्दू- मुस्लिम के बीच ध्रुवीकरण कराना है, ताकि भाजपा को यूपी में सरकार बनाने में आसानी हो जाय। ओवैसी इससे पहले भी अन्य राज्यों में ये खेल खे चुके हैं।

सलाहुद्दीन ने कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव जी ओवैसी के इस खेल को अच्छी तरह से समझते हैं और मुस्लिम समाज को भी ओवैसी के नापाक इरादों को समझना होगा और इनका यूपी में पूरी तरह से बायकाट करना होगा। क्योंकि सपा प्रमुख संविधान बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं अगर इस बार भाजपा जीत गयी तो वह संविधान ख़त्म करके अपना विधान लागू कर देगी।

उन्होंने कहा कि ऐसे में मुस्लिम समाज की स्थिति सबसे ज्यादा ख़राब हो जाएगी क्योंकि मुस्लिमों को भी सारे अधिकार और संरक्षण संविधान से ही मिले हुए हैं। इसलिए संविधान बचाने की खातिर मुस्लिम समाज की जिम्मेदारी बनती है कि वह विधानसभा चुनाव में सपा का साथ दे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *