भाजपा ने रणनीति के तहत बंगाल में मुस्लिम और महिलाओं के वोट कटवाए
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं यूपी के पूर्व राज्यमंत्री सलाहउद्दीन सिद्दीकी का कहना है कि पश्चिम बंगाल और असम राज्य विधानसभा चुनाव के आये नतीजों से केन्द्र की भाजपा सरकार की नीयत का पता चल गया है। भाजपा कोई भी चुनाव इसी तरह आयोग और प्रशासनिक मशीनरी के जरिए जीत रही है। अगले साल यूपी में होने वाले विधानसभा चुनाव में भी भाजपा नेतृत्व यही हथकंडा अपनाएगा और राज्य में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनाने के लिए चुनाव आयोग से लेकर सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग करेगा।

यूपी में भी निर्वाचन आयोग ने मुस्लिम और दलितों पर विशेष फोकस रखा
सलाहउद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में तीस लाख मुस्लिम और पचास लाख हिन्दू महिलाओं के वोट निर्वाचन आयोग ने एसआईआर के जरिए काट दिये। यही वोट बंगाल चुनाव में निर्णायक साबित होते। क्योंकि ये वर्ग पूरी तरह से ममता बनर्जी को ही वोट देता। फिलहाल बंगाल में तो भाजपा-निर्वाचन आयोग और प्रशासनिक मशीनरी के गठजोड़ की बेइमानी सामने आ चुकी है।
उन्होंने कहा कि यूपी में भी केन्द्र सरकार के इशारे पर एसआईआर के जरिए निर्वाचन आयोग ने मुस्लिम और दलितों पर विशेष फोकस रखा है। इन वर्गों के वोट काटने के साथ ही इनका सबसे ज्यादा उत्पीडऩ भी किया जा रहा है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव जी ने पीडीए समाज बनाया और दलित, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक समाज सपा से तेजी के साथ जुडऩे लगा।

पीडीए समाज के सपा में जुडऩे से भाजपा नेतृत्व में बेचैनी
सलाहउद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि पीडीए समाज के सपा में जुडऩे से भाजपा नेतृत्व में बेचैनी है। वह चाहते हैं कि इन वर्गों के खिलाफ इस सरकार में हो रहे अन्याय-अत्याचार के खिलाफ सपा किसी भी तरह का कोई आंदोलन न करे।
लेकिन अखिलेश जी हर उत्पीडऩ के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करने के साथ पीडि़त पक्ष का दुख-दर्द जानने के लिए उसके घर भी जा रहे हैं।
सपा के आंदोलन को मिल रहा जनता का पूरा साथ
वंचितों की समस्याओं और उन पर हो रहे अत्याचार के मामले में सपा प्रमुख के निर्देश पर राज्य के सभी जिलों में कार्यकर्ता धरना-प्रदर्शन व आंदोलन कर रहे हैं।
सपा के आंदोलन को जनता का पूरा साथ मिल रहा है। ऐसे में भाजपा नेतृत्व की चिंता है कि अगर निष्पक्ष चुनाव हुआ तो राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा की स्थिति बहुत ही ज्यादा खराब होगी।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश जी के आह्वान पर सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर पीडीए समाज में भाईचारा स्थापित करना है। ताकि भाजपा पीडीए में हो रही एकता को नजरअंदाज न कर सके और चुनाव में धांधली करने की हिमाकत न कर सके।