ब्रजेश पाठक ने मौके पर ही एसीएस अमित घोष को पत्रावली पर तत्काल प्रस्ताव प्रस्तुत करने के दिए निर्देश

लखनऊ। ‘सम्बद्ध-राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद, उप्र (बी.एन.एस.)‘ के अंतर्गत ‘डिप्लोमा फार्मासिस्ट राजपत्रित अधिकारी एसोसिएशन‘ के प्रदेश महामंत्री के नेतृत्व में एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने कार्यालय-बलरामपुर चिकित्सालय, लखनऊ के साथ प्रदेश के उपमुख्यमंत्री (चिकित्सा स्वास्थ्य, परिवार कल्याण एवं चिकित्सा शिक्षा) ब्रजेश पाठक से शिष्टाचार भेंट की।
इस मुलाक़ात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के स्वास्थ्य ढांचे की रीढ़ माने जाने वाले फार्मासिस्टों की लंबे समय से लंबित न्यायसंगत मांगों के संबंध में एक महत्वपूर्ण मांग पत्र (ज्ञापन) सौंपा।
पदाधिकारियों ने विशेष रूप से रेखांकित किया कि ब्रजेश पाठक हमारे संगठन और पूरे प्रदेश के समस्त सरकारी कर्मचारियों के प्रति बेहद उदार एवं सहयोगात्मक है। कर्मचारियों की समस्याओं को वे सिर्फ सुनते ही नहीं, बल्कि उनके साथ हमेशा खड़े रहते हैं।
प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से प्रदुम्न सिंह (महामंत्री), राजीव कुमार (प्रदेश प्रवक्ता एवं जिला अध्यक्ष, लखनऊ), श्रवण चौधरी (प्रदेश कोषाध्यक्ष), अजय कश्यप (जिला मंत्री, लखनऊ) मौजूद थे। सौपे गए पत्र के माध्यम से एसोसिएशन ने उपमुख्यमंत्री का ध्यान भारत सरकार द्वारा जारी हालिया राजपत्र की ओर आकर्षित किया।

केंद्र के अनुरूप पदनाम और वेतनमान में संशोधन : भारत सरकार के राजपत्र सं. रजिस्ट्री सं. डी.एल.-33004/99 10.06.2026 के अनुपालन में, उत्तर प्रदेश के फार्मासिस्ट संवर्ग के पद धारकों का भी पदनाम एवं वेतनमान तत्काल संशोधित किया जाए।
टाई-अप नियम के तहत तत्काल लागू करने का अनुरोध: पदाधिकारियों ने ध्यान दिलाया कि भारत सरकार द्वारा जो भी आदेश, पदनाम परिवर्तन या वेतन वृद्धि की जाती है, वह उत्तर प्रदेश सरकार के साथ पूर्व से स्वीकृत टाई-अप (सामंजस्य) के तहत राज्य में भी स्वतः लागू की जाती है। अतः इसे उत्तर प्रदेश में भी अविलंब लागू किया जाए।
उपमुख्यमंत्री ने की त्वरित एवं ऐतिहासिक कार्रवाई
फार्मासिस्टों की इस न्यायसंगत मांग पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने मौके पर ही अपर मुख्य सचिव (ACS) अमित घोष को निर्देशित करते हुए लिखा कि ‘पत्रावली पर तत्काल प्रस्ताव प्रस्तुत करें।‘ उपमुख्यमंत्री के इस त्वरित फैसले और तत्काल फाइल आगे बढ़ाने के निर्देश ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए वे कितने गंभीर और सजग हैं।
पूरे प्रदेश के फार्मासिस्टों में खुशी की लहर, ज्ञापित किया साधुवाद एवं मंगलकामनाएं
इस त्वरित एवं ऐतिहासिक निर्णय से पूरे प्रदेश के सभी फार्मासिस्टों, चीफ फार्मासिस्टों और प्रभारी अधिकारियों में अपार खुशी और उत्साह का माहौल है।
उपमुख्यमंत्री की इस महानता और दयालुता के लिए सभी स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके प्रति अपनी गहरी कृतज्ञता और आभार व्यक्त किया है।
पूरे फार्मासिस्ट परिवार ने अपने इस जनप्रिय अभिभावक नेता के प्रति हृदय से साधुवाद प्रकट किया है और ईश्वर से उनके दीर्घायु होने, उत्तम स्वास्थ्य तथा असीम यश के लिए मंगलकामनाएं व दुआएं की हैं, ताकि वे इसी तरह जनहित और कर्मचारी हित के कार्य त्वरित गति से आगे बढ़ाते रहें।
अंत में, प्रतिनिधिमंडल के पदाधिकारियों ने उपमुख्यमंत्री को गुलदस्ता भेंट कर धन्यवाद दिया और कहा कि इस कार्य के पूर्ण होते ही समस्त फार्मासिस्ट परिवार उनके इस उपकार का सदैव आभारी रहेगा।
