देश की तरक्की में मदरसों का भी बड़ा योगदान : चंद्रशेखर आजाद

Share

लखनऊ के नदवा मदरसा पहुंचे आसपा प्रमुख , शिक्षकों से मुलाकात कर  जाना इतिहास

लखनऊ। नगीना से सांसद और आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर लखनऊ में दारुल उलूम नदवतुल उलमा पहुंचे। यहां उन्होंने प्रमुख धर्मगुरुओं और इस्लामिक विद्वानों से मुलाकात की।

इस दौरान उन्होंने शिक्षा, सामाजिक न्याय, राष्ट्रीय एकता और समाज के कमजोर और वंचित वर्गों के उत्थान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की।

इस दौरान आजाद समाज पार्टी के  पदाधिकारी और मुस्लिम समुदाय के लोग मौजूद रहे। नदवतुल उलमा के प्रिंसिपल मौलाना बिलाल हसनी नदवी, प्रसिद्ध इस्लामी विद्वान अब्दुल अजीज भटकली और मौलाना फखरुल हसन नदवी से मदरसे के इतिहास और छात्रों को दी जाने वाली शिक्षा के बारे में जानकारी हासिल की।

मुलाकात के दौरान सांसद चंद्रशेखर आजाद ने देश में शिक्षा के प्रसार, सामाजिक समरसता और विभिन्न समुदायों के बीच आपसी भाईचारे को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि भारत की ताकत उसकी विविधता और साझा संस्कृति में है। सभी वर्गों को साथ लेकर ही देश को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाया जा सकता है।

उन्होंने मौलाना बिलाल हसनी नदवी से देश की अखंडता, शांति और तरक्की के लिए विशेष दुआ करने का अनुरोध किया।

इस अवसर पर चंद्रशेखर आजाद ने नदवतुल उलेमा की शैक्षिक और सामाजिक सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्थान लंबे समय से शिक्षा, नैतिक मूल्यों और राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए शिक्षा सबसे प्रभावी माध्यम है और धार्मिक-शैक्षिक संस्थानों की इसमें अहम भूमिका होती है।

उन्होंने देश के विकास और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने के लिए सभी वर्गों से मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *