वृन्दावन योजना में बुद्ध पूर्णिमा पर खीरदान कार्यक्रम का हुआ आयोजन , बुद्ध के मार्ग पर चलने का आह्वान
लखनऊ। त्रिविध पावनी बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर 1 मई को बहुजन समाज वृन्दावन योजना लखनऊ द्वारा सेक्टर 9बी, बैंक ऑफ बड़ौदा के सामने वृन्दावन योजना, रायबरेली रोड पर खीरदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और बुद्ध वंदना के साथ हुई।
कार्यक्रम संयोजक एवं पूर्व एसडीएम राम कुमार गौतम ने कहा कि बुद्ध पूर्णिमा भगवान बुद्ध का जन्मदिवस है। बुद्ध के मार्ग पर चलने से देश में शांति और तरक्की आएगी।
गौतम ने कहाआज पूरी दुनिया युद्ध के मुहाने पर खड़ी है। अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच युद्ध चल रहा है, इसी तरह दुनिया के अन्य कई देश भी एक-दूसरे के खिलाफ लड़ रहे हैं, लेकिन किसी भी समस्या का समाधान युद्ध में नहीं है, यह बात अब स्पष्ट हो चुकी है। समस्याओं का समाधान सिर्फ और सिर्फ बुद्ध की नीतियों और उनके बताये मार्ग पर चलकर ही मिलेगा। बुद्ध ने अहिंसा के मार्ग को सर्वोत्तम बताया। आज कोई भी देश किसी दूसरे देश के खिलाफ चाहे जितनी लंबी जंग लड़ ले, लेकिन उनकी समस्या का समाधान बुद्ध के बताये मार्ग में ही है।
पूर्व जिला जज लोक अदालत सत्यवीर सिंह यादव ने कहा कि बुद्ध पूर्णिमा का उद्देश्य गौतम बुद्ध की शिक्षाओं को आत्मसात कर जीवन और विचारधारा में अपनाना है। 
सुरेश जायसवाल ने कहा कि बुद्ध का समरसता, सहअस्तित्व और शांति का संदेश आज सबसे अधिक प्रासंगिक है। एससी-एसटी कल्याण समिति के अध्यक्ष हरीश जयंत ने कहा कि बुद्ध ने कोई बात तभी मानने को कहा जब वह तर्क और कसौटी पर खरी उतरे। हमें इसी सिद्धांत का पालन करना चाहिए।
कार्यक्रम में पूर्व डिप्टी कमिश्नर वाणिज्य राम लगन सिंह यादव, पूर्व पीसीएस जीत लाल सैनी, महामंत्री मंजू सिंह, अमर नाथ, राम संजीवन, सीएल कुरील, घनश्याम मौर्य, श्रीनाथ सिंह कुशवाहा, प्रदीप कुमार, आरडी मौर्य, राधेश्याम दिवाकर, एसके रावत, जगदीश दोहरे, राजेश दोहरे, राम दुलार, ओम प्रकाश, कुन्दन लाल, मंजुलता कमल, मंजुलता गौतम, सरोज लता गौतम, अनीता मौर्य, नंदलाल, डॉक्टर देवेन्द्र यादव ‘जिंदा पेरियार’ समेत बहुजन समाज वृन्दावन योजना के लोग मौजूद रहे।
