कहा— ‘स्वस्थ भविष्य के लिए फार्मासिस्टों का सशक्तिकरण आवश्यक’

लखनऊ। विश्व फार्मासिस्ट दिवस के अवसर पर डिप्लोमा फार्मासिस्ट राजपत्रित अधिकारी एसोसिएशन के प्रांतीय प्रवक्ता एवं जिला अध्यक्ष (लखनऊ) राजीव कुमार ने समस्त फार्मासिस्ट संवर्ग, चिकित्सा जगत से जुड़े सहयोगियों एवं प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।
इस अवसर पर अपना संदेश जारी करते हुए राजीव कुमार ने कहा कि इस वर्ष विश्व फार्मासिस्ट दिवस की थीम “Empowering Pharmacists for a Healthier Future” (स्वस्थ भविष्य के लिए फार्मासिस्टों को सशक्त बनाना) रखी गई है। यह थीम स्पष्ट करती है कि वैश्विक स्वास्थ्य व्यवस्था और रोगमुक्त समाज के निर्माण में फार्मासिस्ट की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण और अपरिहार्य है।
पूर्व में ‘फार्मेसी काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश’ के सदस्य रह चुके राजीव कुमार (मुख्य फार्मासिस्ट, बलरामपुर अस्पताल, लखनऊ) ने कहा कि औषधि निर्माण और उसके परीक्षण से लेकर मरीज तक सही दवा, सही मात्रा और उचित सलाह के साथ पहुंचाने का दायित्व फार्मासिस्ट ही निभाता है।
अस्पताल हो या प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, मरीज और सटीक उपचार के बीच फार्मासिस्ट सबसे मजबूत और भरोसेमंद कड़ी के रूप में कार्य करता है।
सुरक्षित स्वास्थ्य सेवा : दवा के सही उपयोग और उसके दुष्प्रभावों (Side Effects) के प्रति मरीजों को जागरूक कर फार्मासिस्ट जीवन रक्षा में अहम योगदान देते हैं।
निरंतर अपडेशन : आधुनिक दौर में बदलती चिकित्सा पद्धतियों और नई औषधियों के प्रति खुद को अपडेट रखना हर फार्मासिस्ट की जिम्मेदारी है।
निष्ठा एवं समर्पण : फार्मासिस्ट संवर्ग को अपने कार्य के प्रति सदैव सजग, निष्ठावान और वफादार रहकर स्वास्थ्य सेवाओं में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देना चाहिए। उन्होंने फार्मासिस्ट संवर्ग का आह्वान किया कि सभी साथी एकजुट होकर संवर्ग के सम्मान, अधिकारों और सशक्तिकरण के लिए कार्य करें तथा एक स्वस्थ और समृद्ध भविष्य के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।