श्रमिकों के बच्चों व मेहनत मजदूरी कर रहे युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करेगी यह योजना
लखनऊ। श्रम एवं सेवायोजन विभाग गरीबी की रेखा के नीचे जीवन-यापन कर रहे युवाओं के लिए पेंशन योजना लेकर शुरू की है। इस योजना के तहत अठारह से चालीस वर्ष तक के लोगों को शामिल किया गया है। अधिकतम दो सौ रुपये महीने किस्त बैंक के जरिए कटने की व्यवस्था है और साठ वर्ष की उम्र में महीने में पेंशन मिलनी शुरू हो जाएगी।

प्रधानमंत्री श्रम योगी मान धन राष्ट्रीय पेंशन योजना के तहत बसंतकुंज दुबग्गा में सामाजिक संस्था वे टू सक्सेज फाउंडेशन ने एक कैंप का आयोजन किया। इस कैंप में श्रम विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।
कैंप में बीमा कराने आये लोगों को उन्होंने बीमा के लाभ के बारे में विस्तार से जानकारी दी। फाउंडेशन के प्रदेश अध्यक्ष मो. शफीक सलमानी ने बताया कि संस्था द्वारा लगाये गये कैंप में दो सौ लोगों ने योजना का लाभ लिया और अपने बच्चों के लिए जीवन बीमा पेंशन स्कीम योजना के तहत पालिसी ली।
उन्होंने बताया कि उनकी संस्था का ये अभियान लगातार जारी रहेगा संस्था का मकसद ज्यादा से ज्यादा लोगों को लाभान्वित करना है ।

शफीक सलमानी ने बताया कि अठारह साल के बच्चों के लिए पचपन रुपये महीने किस्त का प्रावधान है। अधिकतम किस्त चालीस वर्ष के व्यक्तियों के लिए दो सौ रुपये महीने है। उन्होंने बताया कि साठ साल की उम्र पूरी होते ही संबंधित पालिसी धारक के खाते में स्वत: तीन से पांच हजार रुपये महीने पेंशन राशि पहुंचने लगेगी। उन्होंने बताया कि सरकार ने यह योजना गरीबों के लिए शुरू की है, ताकि साठ साल पूरा होने पर उन्हें एक निश्चित राशि हर माह मुहैया होने लगे, जिससे उनकी कुछ बुनियादी जरूरतें पूरी होने लगेंगी। उनका कहना है कि वे टू सक्सेज फाउंडेशन ने बसंतकुंज कालोनी से इस कैंप की शुरुआत की है। जल्दी ही लखनऊ के अन्य मोहल्लों में भी इस तरह के कैंप आयोजित करके जरूरतमंद लोगों को योजना का लाभ पहुंचाया जाएगा।