सबसे प्रमुख होगा 15 साल से एक ही पद पर तैनात चिकित्सकों की प्रोन्नति का मुद्दा : डॉ. हिमांशु प्रताप सिंह

Share

यूपी पीएमएस एसोसिएशन के चुनाव में वित्त सचिव पद के उम्मीदवार डॉ. हिमांशु ने कहा महिला चिकित्सकों की सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता होगी

लखनऊ के बलरामपुर अस्पताल के ईएनटी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. हिमांशु प्रताप सिंह का कहना है कि पीएमएस एसोसिएशन के निष्क्रिय रहने के कारण यूपी में चिकित्सकों की समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। पन्द्रह-पन्द्रह साल सेवा दे चुके चिकित्सकों को प्रोन्नति नहीं दी गयी है। जिसकी वजह से चिकित्सकों का मनोबल कमजोर होता है।

उनका कहना है कि लंबे समय बाद पीएमएस एसोसिएशन का चुनाव होने जा रहा है। इस चुनाव में युवा और सक्रिय चिकित्सकों को अपनी भूमिका निभानी होगी और एसोसिएशन में ऐसे पदाधिकारियों का चयन करना होगा, जो चिकित्सकों के हितों की बात शासन के सामने मजबूती से रख सके।

उनका कहना है कि मौजूदा हालात में जिलों में प्राथमिक चिकित्सा केन्द्रों और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं हैं।

बहुत बार इन केन्द्रों पर मरीजों के तीमारदार डाक्टरों से लडऩे लगते हैं और मारपीट तक कर लेते हैं, लेकिन डाक्टरों की सुरक्षा के लिए न तो इन स्वास्थ्य केन्द्रों के पास कोई पुलिस चौकी है और न ही इन केन्द्रों पर सिपाहियों को ही तैनात किया गया है।

पीएचसी, सीएचसी में पुलिस बल की तैनाती पर भी शासन से होगी बातचीत

डॉ. हिमांशु का कहना है किइसके अलावा जिलों में दूर के ब्लाकों व गांवों में बने सीएचसी, पीएचसी में महिला चिकित्सकों की सुरक्षा की कोई व्यवस्था नहीं है। रात्रि पाली में इनकी ड्यूटी लगती है, लेकिन इनको किसी भी तरह की कोई सुरक्षा मुहैया नहीं करायी जाती है।

डॉ. हिमांशु प्रताप का कहना है कि सरकार ने पीएचसी, सीएचसी या जिला अस्पतालों में चिकित्सकों के साथ मारपीट होने व अस्पताल में तोड़फोड़ होने पर अभियुक्त के खिलाफ कार्रवाई का प्रावधान किया है।

लेकिन चिकित्सकों के साथ किसी भी तरह की कोई बदतमीजी या मारपीट न हो, इसके लिए पहले से कोई व्यवस्था नहीं है। अगर इन केन्द्रों के पास पुलिस के दो सिपाही भी तैनात रहेंगे तो मारपीट या तोडफ़ोड़ की नौबत नहीं आयेगी।

ऑनलाइन एसीआर भरने के बाद भी चिकित्सकों की दिक्कतें बरकरार, इन्हें दूर किया जाएगा

डॉ. हिमांशु प्रताप यूपी पीएमएस एसोसिएशन के चुनाव में वित्त सचिव पद पर मैदान में हैं और लंबे समय बाद पीएमएस एसोसिएशन का चुनाव हो रहा है और अगले महीने 22 जून को मतदान होने हैं।

डॉ. हिमांशु ने चिकित्सकों के हित में अपनी प्राथमिकताओं को गिनाते हुए कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता लंबे समय से एक ही पद पर तैनात डॉक्टरों का समय से प्रोमोशन करना होगा।

पीएमएस एसोसिएशन के निष्क्रिय रहने के कारण सेवा में पन्द्रह-पन्द्रह साल पहले नियुक्त हुए चिकित्सक आज भी एल-वन पद पर ही हैं, जबकि इनकी प्रोन्नति हो जानी चाहिए थी। एसोसिएशन के चुनाव के बाद उनकी पहली जिम्मेदारी संवर्ग में रुके प्रोमोशन को सुचारू रूप से चालू कराने की होगी, ताकि चिकित्सकों का समय से प्रोमोशन हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *