योगी जी निजी स्वार्थवश कुछ लोग हटवाना चाह रहे बाबा साहब की अस्थियां : चन्द्रशेखर आजाद

Share

अम्बेडकर महासभा व बाबा साहब के अस्थि कलश को संरक्षित करें

लखनऊ। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद चन्द्रशेखर आजाद ने कहा है कि लखनऊ में डॉ. अम्बेडकर महासभा परिसर में बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की पवित्र अस्थियां स्थापित हैं।

सरकार महासभा परिसर को शिफ्ट कर रही है, जिससे बाबा साहब की अस्थियों को भी वहां से निकाला जाएगा, इससे बाबा साहब की अस्थियों का अपमान होगा।

मुख्यमंत्री जी समाज विरोधी ताकतें आपको कर रहीं हैं दिग्भ्रमित

उन्होंने कहा कि लिहाजा बहुजनों के आस्था व प्रेरणा स्थल 10 विधानसभा मार्ग, लखनऊ स्थित बोधिसत्व बाबा साहेब डॉ. बी. आर. आंबेडकर महासभा एवं अस्थि कलश स्थल को यथावत बनाए रखने एवं संरक्षित बनाये रखा जाये।

चन्द्रशेखर आजाद ने इस संबंध में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लिखे पत्र में कहा है कि आपको सादर अवगत कराना है कि 10 विधानसभा मार्ग, लखनऊ स्थित भारत रत्न बोधिसत्व बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर महासभा एक ऐतिहासिक केंद्र है, जो लखनऊ में वंचित एवं बहुजन समाज की प्राचीन आस्था और श्रद्धा का केंद्र है।

इस ऐतिहासिक स्थल पर डॉ. सविता आंबेडकर जी द्वारा परम पूज्य बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर जी के अस्थि कलश की स्थापना की गई थी। साथ ही, महामहिम राष्ट्रपति श्रद्धेय केआर नारायणन जी द्वारा बोधि वृक्ष का रोपण, महामहिम राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद जी द्वारा धम्म चक्र की स्थापना तथा तत्कालीन मुख्यमंत्री राजनाथ सिंह द्वारा परम पूज्य बाबा साहेब की 12 फीट ऊंची कांस्य प्रतिमा की स्थापना कराई गई थी।

करोड़ों बहुजनों की आस्था का केन्द्र बाबा साहब की अस्थियों को परिसर से हटाने से उनके अनुयायियों की आस्था और भावनाओं को पहुंचेगी ठेस

उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक स्थल पर भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश के. जी. बालाकृष्णन जी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं पूर्व प्रधानमंत्री वी.पी. सिंह द्वारा भी बाबा साहेब की अस्थियों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए जा चुके हैं।

चन्द्रशेखर आजाद ने सीएम को लिखे पत्र में कहा है कि मेरे संज्ञान में लखनऊ के अम्बेडकरवादी साथियों द्वारा लाया गया है कि 14 अप्रैल 2026 को परम पूज्य बाबा साहेब की जयंती के महत्वपूर्ण अवसर पर मंच से ही इस ऐतिहासिक स्थल को हटाने की बात कही गई।

मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि व्यक्तिगत स्वार्थवश कुछ लोगों द्वारा आपको दिग्भ्रमित करते हुए इस ऐतिहासिक केंद्र को समाप्त करने का षड्यंत्र रचा जा रहा है, जो अत्यंत पीड़ादायक है। इससे करोड़ों-करोड़ों बहुजन समाज एवं परम पूज्य बाबा साहेब के अनुयायियों की भावनाएं आहत होंगी तथा उनकी आस्था और सम्मान को ठेस पहुंचेगी।

आपसे विनम्र अनुरोध है कि 10 विधानसभा मार्ग, लखनऊ स्थित बहुजन समाज की आस्था के केंद्र बोधिसत्व परम पूज्य बाबा साहेब के इस ऐतिहासिक स्थल को यथावत बनाए रखने एवं संरक्षित करने की करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *