बसपा के कमजोर होने की जिम्मेदार कोई और नहीं सिर्फ बहनजी
लखनऊ। दलित, ओबीसी, माइनारिटीज, आदिवासी परिसंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद डॉ. उदितराज ने कहा कि मायावती जेल जाने से डर गईं, जिसकी वजह से कभी दलितों, पिछड़ों की आवाज रही बहुजन समाज पार्टी कमजोर हो गई। बसपा के कमजोर होने के लिए खुद मायावती जिम्मेदार हैं। क्योंकि भाजपा सरकार ने उन्हें जेल का डर दिखाकर शांत कर दिया है।

लालू यादव ईडी, सीबीआई से नहीं डरे, मजबूत होकर उभरे
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद यादव सरकार की ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स से नहीं डरे और जेल जाना मंजूर किया, उनकी पार्टी बच गई और इस बात का इतिहास गवाह है जो नेता सत्ता की जुल्म-ज्यादती और जेल जाने से नहीं डरा, वह नेता जनप्रिय हुआ और वह अपना व अपनी पार्टी का जनाधार बचाने में कामयाब भी रहा। उन्होंने कहा कि मायावती जी को भी जेल जाना मंजूर करना चाहिए था बजाय इसके कि वे भाजपा के साथ परोक्ष या अपरोक्ष रूप से हाथ मिलातीं। बसपा की दुर्गति का यही मुख्य कारण है और आगे चलकर इसका समाप्त होना भी संभव है।
क्षणिक लाभ के चक्कर में पार्टी और विचारधारा दोनों ही समाप्त होगी
उदितराज ने कहा किजो लोग अभी भी इससे जुड़े हुए हैं, उनमें या तो समझ की कमी है या वे जातीय भावना से बंधे हुए हैं। जनतादल , बीजेडी, शिवसेना, अकाली दल और जिन-जिन दलों ने बीजेपी से हाथ मिलाया, वे देर-सबेर कमजोर हो गए। क्षणिक लाभ के चक्कर में पार्टी और विचारधारा दोनों ही समाप्त हो गए।