दलित जातियों के नाम से बने गांवों के नाम तत्काल बताएं सभी डीएम : योगी

Share

डॉ. निर्मल के आग्रह पर सीएम योगी ने दिये निर्देश, जल्द बदले जाएंगे इन गांवों के नाम

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि वे पन्द्रह दिन के अंदर उन्हें बतायें कि उनके जिलों में अनुसूचित जाति से संबंधित किन-किन जाति के नामों से गांवों के नाम हैं। उन्होंने कहा कि देश आजाद हुए लगभग आठ दशक हो चुके हैं। लेकिन अभीतक गांवों के नाम चमारी, चमरौली, चमरौधा, नटपुरवा आदि बरकरार हैं। है। उन्होंने कहा कि जिलों से सूची मिलते ही इस तरह के नामों को बदलकर उन गांवों के नाम बदले जाएंगे।

उन्होंने कहा कि ये चिंताजनक और शर्मनाक है। पिछली सरकारों ने इस पर कभी भी ध्यान नहीं दिया इससे उनकी जातिवादी मानसिकता का पता चलता है लेकिन मेरी सरकार में दलितों का इस तरह का सार्वजनिक अपमान बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।

यूपी अनुसूचित जाति वित्त विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष एवं सदस्य विधान परिषद डॉ. लालजी प्रसाद निर्मल ने मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करके गांवों के जाति आधारित नाम पर चर्चा करते हुए उनसे इन गांवों का नाम बदलने का आग्रह किया। डॉ. निर्मल के आग्रह पर मुख्यमंत्री ने ये निर्देश राज्य के सभी जिलाधिकारियों को जारी किये। डॉ. निर्मल के साथ अम्बेडकर महासभा के महामंत्री अमरनाथ प्रजापति भी मौजूद थे।

एमएलसी के आग्रह पर ग्राम्य चौकीदारों व सामुदायिक केयर टेकरों का मानदेय बढ़ाने का निर्देश

डॉ. निर्मल ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष ग्राम्य चौकीदारों और सामुदायिक शौचालयों के केयर टेकरों के मानदेय बढ़ाने का आग्रह किया, जिसे मुख्यमंत्री ने स्वीकार करते हुए कहा कि जल्द ही इनका मानदेय बढ़ाने से संबंधित आदेश जारी कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत चिंता का विषय है कि अनुसूचित जाति में शामिल जातियों का नाम लेकर आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ अनुसूचित जाति/ जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज हो जाता है और उन्हीं जातियों के नाम पर राज्य के जालौन, इटावा, झांसी, उन्नाव, हरदोई समेत के राज्य के लगभग सभी जिलों के विभिन्न गांवों के नाम चमारी, चमरौली, चमरौधा, नटपुरवा,चमरऊआ, चमरसेना, चमरपुरा, भंगियाना आदि हैं। ये नाम विचलित करते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी जी ने मामले का संज्ञान लिया है, जल्द ही शासनादेश जारी करके राज्य के सभी जिलों में गांवों के इस तरह के नाम बदले जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *