शफीक सलमानी के आग्रह पर दानिश आज़ाद अंसारी ने एलडीए वीसी को लिखा पत्र
लखनऊ। वे टू सक्सेज फाउंडेशन के प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद शफीक सलमानी ने यूपी के अल्पसंख्यक राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी से मुलाकात करके उन्हें बसंतकुंज क्षेत्रवासियों की समस्याओं से अवगत कराया। अकबरनगर क्षेत्र से विस्थापित हुए लगभग दस हजार परिवार तमाम बुनियादी सुविधाओं के अभाव में अपना जीवन-यापन कर रहे हैं। स्कूल, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र जैसी जरूरी सुविधाएं भी क्षेत्रवासियों को मुहैया नहीं हो रही हैं।

बसंतकुज क्षेत्र में रह रहे लोगों की मांग, मकान के किस्त की अदायगी दस साल के बजाय पन्द्रह साल हो
उन्होंने कहा कि इसके अलावा इस क्षेत्र में रह रहे अधिकांश लोग गरीबी की रेखा के नीचे वाले हैं। इनके लिए दस साल में मकान के किस्तों की अदायगी करना मुश्किल लग रहा है। क्षेत्र में रोजगार के अभाव के चलते इनकी आर्थिक स्थिति और भी ज्यादा खराब हो गई है। ऐसी स्थिति में क्षेत्रवासी चाहते हैं कि उनके मकान की किस्त दस साल से बढ़ाकर पन्द्रह साल कर दी जाए। ताकि उनपर कुछ आर्थिक भार कम हो सके और वे अपने परिवार का अच्छे से जीवन यापन कर सकें।

क्षेत्र में जल्द खुलेंगे पीएचसी व प्राइमरी स्कूल
शफीक सलमानी ने बताया कि वह बसंतकुंज निवासियों के साथ अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी से मिले और उन्हें क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया। इस पर उन्होंने एलडीए के उपाध्यक्ष को पत्र लिखा। पत्र में उन्होंने क्षेत्रवासियों की वाजिब मांग किस्त दस से पन्द्रह साल करने को कहा। शफीक ने बताया कि वे क्षेत्रवासियों के साथ एलडीए जाकर अपनी समस्याओं से संबंधित अधिकारियों को अवगत करा चुके हैं। साथ ही लिखित आग्रह उपाध्यक्ष से भी कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में हो रही दुर्घटनाओं को ध्यान में रखकर मंत्री ने इलाके में कई स्पीड ब्रेकर बनवा दिये हैं। साथ ही यह भी भरोसा दिया है कि जल्द ही क्षेत्र में एक प्राइमरी स्कूल व एक प्राथमिक स्वास्थ्य खुलेगा। इसके लिए राज्यमंत्री ने मुख्यमंत्री जी को अवगत करा दिया है।