इंडिया गठबंधन को लेकर लोकदल अध्यक्ष चुधारी सुनील सिंह की अखिलेश यादव से अहम मुलाकात

लखनऊ। लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी सुनील सिंह ने शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से लोहिया ट्रस्ट में मुलाकात की।
अखिलेश यादव से हुई मुलाकात का हवाला देते हुए चौधरी सुनील सिंह ने बताया कि आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में सपा, लोकदल और कांग्रेस मिलकर यूपी में भाजपा के विजय रथ को रोक देंगे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता राज्य की भाजपा सरकार से परेशान है। कानून का राज पूरी तरह से ख़त्म हो चुका है। यहाँ सिर्फ और सिर्फ अपराधियों का ही बोलबाला रह गया है।
चौधरी सुनील सिंह ने कहा कि प्रदेश की जनता 2024 की तरह ही एक बार फिर यूपी में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा को शिकस्त देने के लिए तैयार है।
उन्होंने कहा कि 2024 में हुए लोकसभा चुनाव के दौरान भी यूपी की ही जनता ने भाजपा के चार सौ सीटें पार के सपने को चकनाचूर करके केंद्र में दो बैशाखियों पर ला दिया था। विधानसभा चुनाव में भी जनता अखिलेश यादव के नेतृत्व में इण्डिया गठबंधन के साथ मिलकर भाजपा का सूपड़ा साफ़ कर देगी।