सपा और कांग्रेस आंबेडकर, आरक्षण और संविधान विरोधी, संविधान को घर-घर पहुंचाएंगे दलित संगठन

लखनऊ। विधान परिषद सदस्य एवं पूर्व अध्यक्ष उत्तर प्रदेश वित्त एवं विकास निगम डॉ. लालजी प्रसाद निर्मल ने संविधान दिवस के अवसर पर कहा कि बाबा साहब डॉ. आंबेडकर दलितों के राम हैं और भारतीय संविधान ही हमारी रामायण है। जिस प्रकार रामायण और रामचरितमानस का श्रद्धापूर्वक पाठ किया जाता है, उसी प्रकार दलित समाज संविधान का वाचन करेगा और उसे कंठस्थ करेगा तो समाज का उत्थान बहुत ही जल्द होगा। डॉ. आंबेडकर महासभा सहित विभिन्न दलित संगठन संविधान को घर-घर पहुंचाने का अभियान चलाएंगे। डा. निर्मल आज आंबेडकर महासभा स्थित बुद्ध सभागार में संविधान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे । यहां पर संविधान की पूजा अर्चना भी की गई ।
डॉ. निर्मल ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस दोनों आंबेडकर, संविधान और आरक्षण विरोधी हैं। समाजवादी पार्टी ने संसद में प्रोन्नति में आरक्षण का विधेयक फाड़ा और उत्तर प्रदेश में ठेकेदारी में दलितों का आरक्षण समाप्त किया। तत्कालीन कांग्रेस सरकार चाहती तो अगले दिन प्रोन्नति में आरक्षण का विधेयक पुनः प्रस्तुत कर सकती थी। ऐसा न करना दोनों दलों की मिलीभगत को उजागर करता है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा डॉ. आंबेडकर महासभा स्थित बाबा साहब के अस्थि कलश पर पुष्पार्पण किए जाने पर डॉ. निर्मल ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की आहट होते ही कांग्रेस को बाबा साहब की याद आने लगी है।
उन्होंने कहा कि पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, पूर्व प्रधानमंत्री विश्वनाथ प्रताप सिंह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित अनेक गणमान्य विभूतियां महासभा आकर बाबा साहब को श्रद्धांजलि अर्पित कर चुकी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्ष 2016 में यहां आए थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22 बार महासभा परिसर में बाबा साहब के अस्थि कलश पर पुष्पार्पण कर चुके हैं किंतु आज से पहले कोई कांग्रेस का शीर्ष लीडर यहाँ नहीं आया ।
डॉ. निर्मल ने कहा कि कांग्रेस ने लगभग आधी सदी तक देश पर शासन किया, लेकिन बाबा साहब को भारत रत्न तक नहीं दिया। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा साहब से जुड़े पंचतीर्थों — महू स्थित जन्मभूमि, लंदन स्थित शिक्षाभूमि, नागपुर स्थित दीक्षाभूमि, दिल्ली स्थित महापरिनिर्वाण भूमि और मुंबई स्थित चैत्यभूमि — के विकास एवं संरक्षण का ऐतिहासिक कार्य किया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के ऐशबाग में भव्य डॉ. आंबेडकर स्मारक एवं सांस्कृतिक केंद्र स्थापित किया है, जिसका शीघ्र लोकार्पण होगा। यहां संग्रहालय, शोध केंद्र, पुस्तकालय, विपश्यना केंद्र और अतिथि गृह की व्यवस्था की है। डॉ. निर्मल ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने अपने शासनकाल में बाबा साहब और दलित महापुरुषों के नाम पर स्थापित जिलों एवं संस्थानों के नाम बदलकर उनका अपमान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बाबा साहब के विचारों एवं उनकी वैचारिक विरासत को आगे बढ़ाने का ऐतिहासिक कार्य कर रहे हैं। आज के आयोजन में प्रमोद सरोज , प्रदेश अध्यक्ष, अमरनाथ प्रजापति महामंत्री ,सावित्री चौधरी उपाध्यक्ष ,डा सत्या दोहरे , रामचंद्र पटेल , सर्वेश पाटिल, दिनेश चंद्र , आई डी यादव आर आर जैसवार सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।