सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की रैली में आसपा प्रमुख ने कहा दूसरों के महलों से अच्छी होती है अपनी झोपड़ी

लखनऊ। सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की रैली में नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने स्मार्ट मीटर और आरक्षण के मुद्दे पर प्रदेश सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर के खिलाफ असदुद्दीन ओवैसी ने आवाज उठाई, वरना सरकार हर घर में स्मार्ट मीटर लगा देती। चंद्रशेखर ने दावा किया कि पहले जिन घरों में 200 से 400 रुपये तक बिजली बिल आता था, स्मार्ट मीटर लगने के बाद वही बिल बढ़कर पांच हजार रुपये तक पहुंच गया। उन्होंने प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश इस मामले में 24वें स्थान पर है। उनके मुताबिक, 10 साल में प्रदेश 24वें से 14वें स्थान तक भी नहीं पहुंच पाया।
चंद्रशेखर ने मेडिकल कॉलेजों में एससी-एसटी आरक्षण के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। कांशीराम के विचारों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “दूसरों के महलों से अच्छी होती है अपनी झोपड़ी। अपनी झोपड़ी से प्यार है, दूसरे के महलों की कोई फिक्र नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कन्नौज, सहारनपुर, जालौन और अंबेडकरनगर के चार मेडिकल कॉलेजों में एससी-एसटी वर्ग के बच्चों को मिलने वाले आरक्षण के अधिकार पर सरकार ने डाका डाला है।
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि पिछले 75 वर्षों से तमाम राजनीतिक दल लोगों से अच्छे दिन लाने, गरीबी और बेबसी दूर करने तथा मुख्यधारा में शामिल करने के वादे करते आ रहे हैं। इसके बावजूद अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक समाज आज भी हाशिए पर है।
उन्होंने कहा कि लोगों के सामने दो रास्ते हैं। पहला, किस्मत के भरोसे बैठकर इंतजार करना और दूसरा, बाबा साहेब की बात मानकर एकजुट होना। चंद्रशेखर ने कहा कि लोगों को हाथ फैलाना बंद करना होगा।
बाबा साहेब के विचारों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “पॉलिटिकल पावर इज द मास्टर की।” यानी राजनीतिक सत्ता ही वह सुनहरी चाबी है, जिसके जरिए अपनी तमाम समस्याओं का समाधान किया जा सकता है। चंद्रशेखर आजाद ने रैली में अपने परिवार और संघर्ष का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उनके पिता प्राइमरी स्कूल में शिक्षक थे और मां बच्चों को पालने में हाथ बंटाती थीं। चंद्रशेखर ने कहा कि उत्तर प्रदेश में करोड़ों मांएं खेतों में काम करके अपने बच्चों का पालन-पोषण करती हैं। उन्होंने कहा कि उनकी ख्वाहिश महलों में रहने या सोने के बिस्तर पर सोने की नहीं है। वे हर समय और हर चीज से समझौता करते हैं। चंद्रशेखर ने कहा कि लोग किस्मत के भरोसे रहते हैं।

आपके लिए खून का एक-एक कतरा कुर्बान करना पड़ा तो आह तक नहीं निकलेगी
चंद्रशेखर आजाद ने रैली में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि वह रात से देख रहे हैं कि बसों और मोटरसाइकिलों से उनकी मां-बहनें, नौजवान, बड़े-बुजुर्ग कार्यक्रम में पहुंच रहे हैं। चंद्रशेखर ने कहा, “अगर कलेजा चीरकर खून का एक-एक कतरा आपके लिए कुर्बान करना पड़ा तो मेरे मुंह से आह तक नहीं निकलेगी।”सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की रैली में चंद्रशेखर आजाद ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार ने क्या-क्या किया है, यह सभी लोग जानते हैं। उन्होंने महंगाई का मुद्दा उठाते हुए कहा कि वह हर व्यक्ति का ध्यान रखते हैं। उनके लिए जात-पात से बढ़कर जनता का विश्वास है। चंद्रशेखर ने कहा कि चुनाव के वक्त सरकार को सब कुछ याद आने लगता है। उन्होंने आरोप लगाया कि बुलडोजर की कार्रवाई सबसे ज्यादा दलितों और मुसलमानों पर हुई है। उन्होंने कहा, “यूपी में मेरी सरकार बनी तो कोई गलत कार्रवाई नहीं होगी। सिर्फ गुनहगार ही जेल जाएंगे।”
मुझे इतना पीटा गया कि तीन जगह से टूट गया, इस सरकार ने मुझ पर जुल्म किया
आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने रैली में अपने साथ हुई कथित मारपीट का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें इतना पीटा गया कि शरीर तीन जगह से टूट गया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब इसी सरकार ने किया। चंद्रशेखर ने कहा कि उन्होंने बहुत कुछ सहा है।
उनका मकसद आवाज उठाना था, ताकि किसी पर भी जुल्म हो तो उसकी तारीखें याद रखी जाएं। उन्होंने कहा कि इस सरकार ने उन पर जुल्म किया है। उन्होंने कहा कि निर्दोष होने के बावजूद उन्हें 16 महीने जेल में रहना पड़ा। इस दौरान उन्होंने कई तरह की मुश्किलें सहीं।
चंद्रशेखर ने आरोप लगाया कि उन्हें लाठियां मारी गईं और उनकी रीढ़ की हड्डी तोड़ दी गई। उन्होंने कहा, “मरा हुआ समझकर जानवर की तरह फेंक दिया गया।” उन्होंने बताया कि जेल से बाहर आने के बाद उत्तर प्रदेश में गठबंधन हुआ तो उन्होंने सहयोग किया। चंद्रशेखर ने कहा कि जब भी किसी पर जुल्म हुआ, भीम आर्मी के लोगों ने पीठ नहीं दिखाई। उन्होंने पीड़ितों की आवाज बनने और उनका साथ देने का काम किया।