सपा के राष्ट्रीय सचिव ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष से की शिष्टाचार भेंट

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव चिंतामणि ने सपा मुख्यालय पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान चिंतामणि ने प्रदेश अध्यक्ष के साथ उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भावी रणनीति पर चर्चा की।
विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी का एजेंडा पीडीए समाज को पार्टी के पक्ष में एकजुट करके मैदान में उतरना है। पीडीए समाज यानि पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समाज को एकजुट करने के लिए पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने जो रणनीति बनायीं है, प्रदेश अध्यक्ष ने चिंतामणि के साथ इसी रणनीति पर चर्चा की।
बसपा की सियासी स्थिति लगातार ख़राब हो रही है, ऐसे में सपा की नजर दलितों के वोट बैंक पर है और वे इस वोट को जोड़ने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। बसपा प्रमुख द्वारा सपा से एकतरफा गठबंधन तोड़ने के बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने दलित समाज को पार्टी से जोड़ने के लिए सामान्य सीटों पर भी दलित प्रत्याशी मैदान में उतारे।
पार्टी इस बार भी सामान्य सीटों पर दलित वर्ग के लोगों को मैदान में उतारेगी इसकी घोषणा अखिलेश यादव कर चुके हैं।
पार्टी नेतृत्व के फैसलों को दलित समाज तक पहुँचाने के लिए ही उन्होंने दूसरे दलों से आये दलित वर्ग के नेताओं को पार्टी में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। हाल ही में चिंतामणि को राष्ट्रीय सचिव बनाया है। प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने चिंतामणि से सपा की नीतियों को दलित समाज के बीच पहुँचाने और इस वर्ग को सपा से जोड़ने की बात कही।