आरक्षण पर संघ प्रमुख मोहन भागवत का बयान दलितों व पिछड़ा वर्ग के लिए सराहनीय पहल

लखनऊ। डा.आंबेडकर महासभा ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं सदस्य विधान परिषद डॉ. लालजी प्रसाद निर्मल ने आरक्षण पर संघ प्रमुख मोहन भागवत के बयान का स्वागत करते हुए कहा कि जब तक सामाजिक भेदभाव है तब तक आरक्षण को जारी रखना होगा। संघ प्रमुख के आरक्षण के बयान पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा इसके राजनीतिककरण का आरोप लगाये जाने पर सदस्य विधान परिषद डा. निर्मल ने कहा कि इसके लिए पूरी तरह समाजवादी पार्टी और उसके मुखिया अखिलेश यादव जिम्मेदार हैं।
डॉ. निर्मल ने कहा कि भारतीय संविधान के अनुच्छेद 16(4)ए में अनुसूचित जातियों के प्रोन्नति में आरक्षण की व्यवस्था होने के बावजूद समाजवादी पार्टी ने संसद में आरक्षण का संशोधन बिल फड़वा दिया था और पूरे प्रदेश में प्रोन्नति में आरक्षण के विरोध में सभाएं/आन्दोलन करवाए थे। डॉ. निर्मल ने यह भी कहा कि अखिलेश यादव ने दलितों का ठेकेदारी में आरक्षण समाप्त कर तेजी से हो रहे दलितों के आर्थिक सशक्तिकरण पर विराम लगा दिया था। उन्होंने कहा कि आरक्षण के विरोध में माहौल बनाने और आरक्षण का राजनीतिकरण के लिए समाजवादी पार्टी और उसके मुखिया अखिलेश यादव जिम्मेदार हैं।