आसपा ने तेज की चुनावी तैयारियां, विधानसभा चुनाव की घोषणा के साथ ही इन्हीं प्रभारियों को उसी सीट से पार्टी का प्रत्याशी घोषित कर दिया जाएगा

लखनऊ। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने यूपी में होने वाले विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर चुनावी तैयारियां तेज कर दीं हैं। पार्टी नेतृत्व ने राज्य की 45 विधानसभा सीटों पर प्रभारी घोषित कर दिए हैं।
माना जा रहा है कि चुनाव की घोषणा के साथ ही इन्हीं प्रभारियों को उसी सीट से पार्टी का प्रत्याशी घोषित कर दिया जाएगा।
हालांकि विधानसभा क्षेत्र में प्रभारी घोषित करने की परंपरा बसपा में भी है और बसपा अपने प्रभारियों को ही विधानसभा चुनाव मैदान में उतारती है, लेकिन अंतिम समय पर पार्टी कुछेक प्रभारियों की जगह नए प्रत्याशी भी घोषित कर देती है। आजाद समाज पार्टी इन्हीं प्रभारियों पर ही चुनाव में दांव लगाएगी या अन्य किसी को भी प्रभारी के स्थान पर मैदान में उतारेगी ये तो चुनाव की घोषणा के बाद ही पता चलेगा।
आसपा ने 45 सीटों पर प्रभारी बनाए हैं, उनमें से एक भी सवर्ण समाज से नहीं है। पार्टी ने कांशीराम जी की विचारधारा को आत्मसात करते हुए दलित वर्ग की सभी जातियों के साथ पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक समाज के लोगों को विधानसभा सीट पर प्रभारी बनाया है।