भाजपा को हराने हराने के लिए अपनी जनता पार्टी किसी भी दल से समझौता करने को तैयार : कोरी सुभाष चन्द्र लहरी

Share

विधानसभा चुनाव में दलित समाज पूरी तरह से तीसरे मोर्चे को सहयोग करेगा

कमल जयंत

लखनऊ। अपनी जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कोरी सुभाष चन्द्र लहरी का कहना है कि भाजपा को हराने के लिए अपनी जनता पार्टी किसी भी दल से समझौता करने को तैयार है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यूपी में होने वाले विधानसभा चुनाव में चन्द्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम), असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम और अपनी जनता पार्टी मिलकर चुनाव लड़ेगी।

उनका कहना है कि तीनों दलों ने मिलकर राज्य में तीसरे मोर्चे का गठन किया है। राज्य में त्रिकोणीय मुकाबले में ही भाजपा को शिकस्त दी जा सकती है।

यूपी में अगर सपा और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला हुआ तो भाजपा के हार्ड हिन्दुत्व के सामने सपा का साफ्ट हिन्दुत्व नहीं टिक पाएगा। अति पिछड़ा वर्ग सपा के मुकाबले भाजपा को सहयोग करेगा।

उनका कहना है कि अपनी जनता पार्टी का मकसद भी यूपी में भाजपा को शिकस्त देना है। यह तभी संभव है जब राज्य में विधानसभा चुनाव में त्रिकोणीय मुकाबला हो।

तीन दलों का तीसरा मोर्चा काफी सशक्त और मजबूत है। इस मोर्चे के साथ दलित, मुस्लिम के साथ ही भारी तादाद में अति पिछड़ा वर्ग भी शामिल है।

उन्होंने कहा कि वैसे अपनी जनता पार्टी की तैयारी तो राज्य के सभी विधानसभा सीटों पर है, लेकिन ढाई सीटों पर हम मजबूत हैैं।

ऐसे में गठबंधन में उन्हीं सीटों पर ही हम दावा करेंगे। उनका कहना है कि राज्य के जो राजनीतिक हालात हैं, ऐसे में बसपा काफी कमजोर हुई है, लगता है इस बार विधानसभा चुनाव में उसे चार फीसदी वोट भी मिल जाए तो बहुत है।

उन्होंने कहा कि हमारा मोर्चा राज्य में त्रिकोणीय मुकाबला चाहता है। यह तभी संभव है जब तीसरा मोर्चा मैदान में होगा। क्योंकि तीसरा मोर्चा ही भाजपा के हार्ड हिन्दुत्व के खिलाफ अपने दलित-मुस्लिम और अति पिछड़ा वर्ग के सहारे मजबूती से मुकाबला कर सकता है।

चन्द्रशेखर आजाद के इस गठबंधन में होने के कारण दलित समाज पूरी तरह से इस गठबंधन के साथ है। साथ ही उसे इस बात का भी अहसास है कि मायावती जी अकेले भाजपा को चुनाव नहीं हरा सकतीं, बल्कि भाजपा को शिकस्त देने वाले दलों का वोट काटकर परोक्ष रूप से भाजपा की ही मदद करेंगी। यही वजह है कि अब दलित समाज का बसपा और मायावती दोनों से ही मोहभंग हो गया हैै।

ऐसे में ये वर्ग भाजपा के खिलाफ मजबूती से चुनाव लड़ रहे तीसरे मोर्चे की तरफ उम्मीद भरी निगाहों से देख रहा है। विधानसभा चुनाव में दलित समाज पूरी तरह से तीसरे मोर्चे को सहयोग करेगा। लहरी का कहना है कि अपनी जनता पार्टी की तरफ से जिलों में आयोजित कार्यक्रमों में भारी तादाद में बहुजन समाज यानि दलितों, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक समाज का सहयोग मिल रहा है। इस वर्ग के लोग उनके कार्यक्रमों में जुड़ रहे हैं और चुनाव में हर तरह से सहयोग करने की बात कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *