लगातार प्रतियोगी और नीट परीक्षाओं के लीक होने के विरोध में सीजेपी का कांशीराम ईको गार्डन में प्रदर्शन

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के कांशीराम ईको गार्डेन में शुक्रवार को कॉकरोच जनता पार्टी के नेतृत्व में हजारों युवाओं ने पेपर लीक और परीक्षाओं में हो रही अनियमितता को लेकर प्रदर्शन किया।
इस मौके पर बड़ी संख्या में युवा एकत्रित हुए। युवाओं ने प्रदर्शन करते हुए नीट पेपर लीक मामले में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को फिर दोहराया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने शुक्रवार को लखनऊ में एक विरोध प्रदर्शन के दौरान परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को जोर-शोर से उठाने की बात कही।
वहीं, गुरुवार देर रात लखनऊ एयरपोर्ट के बाहर मीडिया से बातचीत में अभिजीत दीपके ने कहा कि मैं प्रदर्शन के लिए आया हूं। हमने दिल्ली और पुणे में शांतिपूर्ण प्रदर्शन किए हैं, जिसमें हमने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग रखी थी। कल (शुक्रवार) हम लखनऊ में भी ठीक यही शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से करने जा रहे हैं।

दीपके ने फिर दोहराई धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे की मांग, धरने पर बैठे
प्रदर्शन को देखते हुए कांशीराम ईको गार्डेन और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में पुलिस बल व आरएएफ की टीमों की तैनाती की गई थी। काकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि हम शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेंगे।
अभिजीत जब ईको गार्डेन में प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे तो भीड़ में फंस गए। हालांकि, कुछ देर बाद प्रदर्शनकारियों से मिले और उन्हें संबोधित किया और फिर धरने पर बैठ गए।
इसके पहले काकरोच जनता पार्टी के नेतृत्व में दिल्ली के जंतर मंतर और पुणे में प्रदर्शन किया। लखनऊ के बाद अमृतसर और बेंगलुरु में प्रदर्शन किया जाएगा, इसके बाद 20 जून को दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़ा प्रदर्शन होगा।

स्थानीय प्रशासन द्वारा पहले प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गयी थी, लेकिन बाद में प्रदर्शन की अनुमति दे दी गयी।
अनुमति ना दिए जाने पर दीपके ने कहा था कि वे शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति के लिए उनसे संपर्क करेंगे। कहा कि हमने दिल्ली और पुणे में शांतिपूर्ण प्रदर्शन किए हैं।
हम कुछ गलत नहीं कर रहे हैं। हम सिर्फ लोकतंत्र में अपनी बात रखना चाहते हैं। सीजेपी ने गुरुवार को पुणे में प्रदर्शन किया था।
लखनऊ के बाद यह अमृतसर और बेंगलुरु में प्रदर्शन करने वाला है, इसके बाद 20 जून को दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़ा प्रदर्शन होगा।