मर्यादा पुरुषोत्तम की पावन नगरी अयोध्या में फार्मासिस्ट संवर्ग का भव्य महाधिवेशन संपन्न

Share

सेवा, शुचिता और अटूट अनुशासन के साथ नई कार्यकारिणी ने ग्रहण किया उत्तरदायित्व

​”जासु राज प्रिय प्रजा दुखारी, सो नृपु अवसि नरक अधिकारी।”
मर्यादा की पावन धरा पर, सेवा का नया शंखनाद हुआ,
प्रभु श्री राम के चरणों में, संगठन का मार्ग प्रशस्त हुआ।

​अयोध्या धाम |  धर्म, संस्कृति और मर्यादा की वैश्विक नगरी अयोध्या में डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन (डी.पी.आर.ए.) जनपद शाखा अयोध्या का वार्षिक अधिवेशन एवं निर्वाचन प्रक्रिया अत्यंत गरिमामयी वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

प्रभु श्री राम की इस पावन जन्मस्थली पर आयोजित इस कार्यक्रम ने संगठन की एकता और शक्ति का शंखनाद किया।

यह संपूर्ण चुनाव प्रक्रिया नरेंद्र वर्मा  (मंडलीय सचिव एवं चुनाव अधिकारी) तथा  सचिन वर्मा (प्रांतीय पर्यवेक्षक एवं प्रांतीय उपाध्यक्ष) की अत्यंत निष्पक्ष, पारदर्शी और अनुभवी देखरेख में लोकतांत्रिक ढंग से पूर्ण की गई। दोनों वरिष्ठ पदाधिकारियों के कुशल मार्गदर्शन ने चुनाव की शुचिता और गरिमा को एक नई ऊंचाई प्रदान की।

अयोध्या की यह पवित्र भूमि हमें कर्तव्यबोध और मर्यादा का मार्ग सिखाती है :  राजीव कनौजिया   

शासकीय कार्यों की अपरिहार्य व्यस्तता के कारण व्यक्तिगत रूप से उपस्थित न हो पाने पर प्रांतीय प्रवक्ता एवं जिला अध्यक्ष लखनऊ,  राजीव कुमार कनौजिया ने राजधानी लखनऊ से अपना विशेष संदेश प्रेषित करते हुए नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी। श्री कनौजिया ने अपने संदेश में कहा— “अयोध्या की यह पवित्र भूमि हमें कर्तव्यबोध और मर्यादा का मार्ग सिखाती है। यद्यपि मैं शरीर से लखनऊ में हूँ, किंतु मेरा मन और संगठन के प्रति पूर्ण समर्पण अयोध्या के अपने जांबाज साथियों के साथ है। भगवान श्री राम की कृपा से यह नई टीम फार्मासिस्टों के गौरव को पुनः स्थापित करेगी।”

​प्रांतीय नेतृत्व के प्रति अटूट आस्था

श्री कनौजिया ने विशेष रूप से जोर देते हुए कहा कि हमारा संगठन आज प्रदेश अध्यक्ष जे.के. सचान एवं  प्रदेश महामंत्री प्रद्युम्न सिंह के तपस्वी और ओजस्वी नेतृत्व में उत्तर प्रदेश के कोने-कोने में फार्मासिस्टों के अधिकारों की रक्षा कर रहा है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि अयोध्या की नई कार्यकारिणी सहित संगठन का प्रत्येक सदस्य प्रांतीय नेतृत्व द्वारा समय-समय पर दिए जाने वाले समस्त निर्देशों, आदेशों और रणनीतियों का अक्षरशः पालन करने के लिए पूर्णतः संकल्पित है। अनुशासनहीनता के लिए संगठन में कोई स्थान नहीं है और एकता ही हमारी सबसे बड़ी पूंजी है।

​जन-कल्याण का संकल्प: मर्यादा पुरुषोत्तम के आदर्शों को आत्मसात करते हुए नई कार्यकारिणी ने संकल्प लिया कि वे अयोध्या आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु और आम जनमानस को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देंगे। फार्मासिस्ट संवर्ग के मान-सम्मान और उनकी समस्याओं के निराकरण हेतु यह टीम सदैव तत्पर रहेगी।

​निर्विरोध निर्वाचित पदाधिकारी

चुनाव के उपरांत सर्वसम्मति से निर्विरोध निर्वाचित पदाधिकारियों की घोषणा की गई, जिसमें मुख्य रूप से कृपाशंकर चौधरी को अध्यक्ष, देशराज सिंह को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, गोरखनाथ वर्मा को मंत्री/सचिव, एवं रामबोध वर्मा को कोषाध्यक्ष पद सहित पूरी कार्यकारिणी को निर्विरोध चुना गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *