इमाद वासिफ ने अपनी शुरुआती शिक्षा लखनऊ के प्रतिष्ठित ला मार्टिनियर कॉलेज से प्राप्त की
लखनऊ। मशहूर उर्दू शायर मुनव्वर राणा के नाती और समाजवादी पार्टी की नेता सुमैया राणा तथा उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम में एग्जीक्यूटिव इंजीनियर वासिफ उद्दीन के बेटे इमाद वासिफ ने लंदन विश्वविद्यालय से एलएलबी (ऑनर्स) की पढ़ाई पूरी कर ली है और अब यूनाइटेड किंगडम में बैरिस्टर बनने की अंतिम चरण में हैं।
इमाद वासिफ ने अपनी शुरुआती शिक्षा लखनऊ के प्रतिष्ठित ला मार्टिनियर कॉलेज से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने अलीगढ मुस्लिम विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक किया और फिर उच्च कानूनी शिक्षा के लिए ब्रिटेन चले गए।
ब्रिटेन में इमाद ने एलएलबी (ऑनर्स) पूरा करने के बाद प्रतिष्ठित बैरिस्टर ट्रेनिंग कोर्स विद एलएलएम में प्रवेश प्राप्त किया, जिसे ब्रिटेन की सबसे कठिन और सम्मानित कानूनी प्रोफेशनल ट्रेनिंग में माना जाता है। वर्तमान में वे आधिकारिक “कॉल टू द बार” प्रक्रिया के अंतिम चरण में हैं।
इमाद वासिफ का परिवार कानूनी और सामाजिक विरासत से भी जुड़ा रहा है। उनके पैतृक परदादा मुंसिफ इमाम उद्दीन ब्रिटिश भारत की न्यायपालिका में जज थे तथा बैरिस्टर भी रहे। सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने इलाहाबाद हाईकोर्ट में वकालत की। उनके दादा निज़ाम उद्दीन फतेहपुर जिले के एक प्रमुख ज़मींदार थे। इस उपलब्धि के साथ इमाद वासिफ हाल के वर्षों में लखनऊ के एकमात्र ऐसे व्यक्ति बनेंगे जिन्हें ब्रिटेन से आधिकारिक बैरिस्टर की उपाधि प्राप्त होगी। उनकी यह सफलता लखनऊ के लिए गर्व का विषय मानी जा रही है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कानून की पढ़ाई करने वाले युवाओं के लिए प्रेरणा बन रही है।
