दैवीय आपदा प्रबंधन जांच समिति के सभापति ने कहा, मृतक आश्रितों को मिलेगी आर्थिक सहायता
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधान परिषद में भाजपा के सदस्य और विधान परिषद की दैवीय आपदा प्रबंधन एवं जांच समिति के सभापति डाक्टर लालजी प्रसाद निर्मल ने रविवार की दोपहर राजधानी लखनऊ के ग्रामीण इलाके नबीपनाह माल पहुंचे।
यहां उन्होंने उन दो पीडि़त परिवार के दु:खी परिजनों से मुलाकात की जिनके दो लोग सेफ्टी टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस से दम घुटने से आठ म ई को मौत हो गयी थी।
इस मौके पर डॉ. निर्मल के साथ क्षेत्रीय लेखपाल, एसडीएम, एएसपी आदि अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। डॉ. निर्मल ने दोनों मृत युवकों राजेश रावत और रिंकू गौतम की विधवाओं और माताओं से बातचीत की। दु:ख की इस घड़ी में उन्हें सांत्वना दी।
पुलिस प्रशासन के मौके पर मौजूद अफसरों से डॉ. लालजी प्रसाद निर्मल ने कहा कि सीवर में मृत्यु राज्य आपदा घोषित है जिसके तहत मृतक आश्रित को चार लाख रुपये तथा हाथ से मैला उठाने वाले कर्मियों के नियोजन का प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुआवजा के रूप में तीस लाख रुपए दिए जाते हैं।

नियमों के तहत मृतकों के परिजनों को मिले मुआवजा
उन्होंने निर्देशित किया कि नियमों के तहत अनुमन्य मुआवजा पीडि़तों को यथा शीघ्र उपलब्ध कराया जाय। साथ ही केन्द्र व प्रदेश सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी उन्हें मिले।
अफसरों ने उन्हें आश्वस्त किया कि पूरे प्रकरण का परीक्षण करवाने के बाद दोनों पीडि़त परिवारों की अनुमन्य मदद की जाएगी।इस अवसर पर समाजसेवी अमरनाथ प्रजापति, संतोष वाल्मीकि, आईडी यादव, वीरेन्द्र विक्रम सुमन, पीएल भारती और रामचंद्र पटेल आदि मौजूद रहे।
