अपर मुख्य सचिव अमित घोष ने सात-सूत्रीय मांगों पर जताई सहमति
लखनऊ। डिप्लोमा फार्मासिस्ट राजपत्रित संगठन के प्रतिनिधिमंडल की अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित घोष के साथ एक अत्यंत महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक बैठक संपन्न हुई। बैठक में संगठन की सात-सूत्रीय मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई, जिसमें एसीएस स्वास्थ्य का रुख बेहद संवेदनशील और सकारात्मक रहा।
rf
एसीएस स्वास्थ्य के नेतृत्व में कर्मचारी हितों की होगी रक्षा
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष जे. के. सचान एवं प्रदेश महामंत्री प्रद्युम्न सिंह ने संयुक्त रूप से एसीएस स्वास्थ्य की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए कहा कि, ‘शासन के उच्च शिखर पर आसीन अमित घोष जैसे दूरदर्शी और संवेदनशील अधिकारी का मार्गदर्शन मिलना फार्मासिस्ट संवर्ग के लिए गौरव की बात है। उन्होंने न केवल हमें भरपूर समय दिया, बल्कि हमारी प्रत्येक समस्या को एक अभिभावक की भांति सुना और समाधान का मार्ग प्रशस्त किया। उनके नेतृत्व में कर्मचारी हितों की रक्षा पूरी तरह सुनिश्चित है। ‘
प्रदेश प्रवक्ता राजीव कुमार कनौजिया ने अमित घोष के प्रति जताया आभार
संगठन की ओर से प्रदेश प्रवक्ता एवं जिला अध्यक्ष लखनऊ, राजीव कुमार कनौजिया ने एसीएस स्वास्थ्य अमित घोष के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि, ‘उन्होंने हमारी मांगों पर जो सैद्धांतिक सहमति व्यक्त की है और समस्याओं को सुलझाने का जो अटूट भरोसा दिलाया है, उसके लिए प्रदेश का प्रत्येक फार्मासिस्ट उनका सदैव ऋणी रहेगा। व्यस्ततम समय के बावजूद उन्होंने जिस गहराई से हमारी एक-एक मांग को सुना, वह उनके विशाल व्यक्तित्व का परिचायक है। ‘ बैठक में पदनाम परिवर्तन, वेतन विसंगति, कैडर रिव्यू और चिकित्सा प्रतिपूर्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर ठोस चर्चा हुई। एसीएस स्वास्थ्य ने मौके पर ही डॉ. संजू अग्रवाल (डायरेक्टर, पैरामेडिकल) को निर्देशित किया कि वे इन मांगों से संबंधित विस्तृत प्रस्ताव अविलंब शासन को प्रेषित करें। बैठक में चिकित्सा अनुभाग-7 की अनुभाग अधिकारी सहित अनुभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारियों के साथ ही डीपीआरए के प्रदेश कोषाध्यक्ष श्रवण चौधरी और वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय श्रीवास्तव भी उपस्थित रहे।