बहुजन नायक कांशीराम जी के कारवां को ही आगे बढ़ा रहे अखिलेश यादव

आजमगढ़। सामाजिक संस्था बहुजन भारत के अध्यक्ष एवं पूर्व आईएएस कुंवर फतेह बहादुर ने कहा कि बहुजन नायक कांशीराम जी ने कहा था जब तक 85 फीसदी बहुजन समाज जिसमें दलित, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक समाज शामिल है, ये एकजुट नहीं होंगे, तब तक हम सत्ता की प्राप्ति नहीं कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि जिस दिन हम एक हो जाएंगे, उसी दिन सत्ता हमारे हाथ में आ जाएगी। जब सत्ता हमारे हाथ में होगी, तभी बहुजन समाज का विकास होगा। उन्होंने कहा कि बहुजनों को एकजुट करने के साथ ही प्रबुद्धजनों की यह भी जिम्मेदारी है कि वे संविधान विरोधी ताकतों के बारे में बहुजन समाज के लोगों को बतायें, ताकि ये वर्ग इन संविधान विरोधी ताकतों से सतर्क होकर संविधान समर्थक ताकतों का सहयोग करे।

बहुजन समाज और पीडीए समाज दोनों का मकसद एक
संस्था के अध्यक्ष ने कहा कि ये संविधान विरोधी वही लोग हैं जो हम 85 फीसदी समाज को इकठ्ठा नहीं होने देते। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में पहली बार 1993 में कांशीराम जी व मुलायम सिंह जी द्वारा मिलकर 85 फीसदी बहुजन समाज के लोगों को इकठ्ठा करके दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों की सरकार बनाई थी। उन्होंने कहा कि एकजुट रहकर ही हम सत्ता की प्राप्ति कर सकते हैं। संविधान विरोधी ताकतें बहुजनों को एकजुट नहीं होने देना चाहतीं। ये वही संविधान विरोधी हैं जो लोकसभा चुनाव में संविधान बदलने की बात कह रहे थे और अब जातीय जनगणना नहीं कराना चाहते। उन्होंने कहा कि कांशीराम जी ने बहुजन एकता स्थापित की उसी को अखिलेश यादव जी ने पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक (पीडीए) का नाम दिया। दरअसल सपा प्रमुख अखिलेश जी भी पीडीए समाज में भाईचारा स्थापित करने के लिए अभियान चला रहे हैं, उनका ये अभियान भी बहुजन समाज को एकसूत्र में बांधने के लिए है। नाम बदलने से अभियान नहीं बदलेगा।
बहुजन समाज को एकजुट कर पहली बार यूपी में कांशीराम-मुलायम ने मिलकर बनायी थी सरकार
उन्होंने कहा कि सपा ने बहुजनों को एकजुट करने, उनके अधिकारों के लिए लडऩे और उन्हें संविधान प्रदत्त अधिकार दिलाने के लिए जो संघर्ष शुरू किया है, उसमें हमारी जिम्मेदारी बनती है कि हम उनके इस आंदोलन और संघर्ष में उनका साथ दें। क्योंकि पीडीए समाज और बहुजन समाज दोनों एक ही हैं। कुंवर फतेह बहादुर आजमगढ़ जिले के विधानसभा क्षेत्र मेंहनगर के ग्राम पंचायत रसड़ा पर्वतपुर विकास खंड तरवा (यादव बस्ती) में रविवार को सामाजिक संस्था बहुजन भारत के तत्वावधान में आयोजित प्रबुद्ध जन सम्मेलन एवं विचार गोष्ठी में बोल रहे थे।
बाबा साहब के एक वोट के अधिकार की बदौलत हम ला सकते हैं पीडीए की सरकार : अनिरुद्ध सिंह
इस मौके पर विशिष्ट अतिथि अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि बाबा साहब ने संविधान में सभी वर्गों को अधिकार दिया था। पहले शूद्रों को कोई अधिकार नहीं था, संविधान ने सबको समानता और स्वतंत्रता का अधिकार दिया। बाबा साहब ने भारतीय संविधान में सबको एक वोट का अधिकार दिया। चाहे गरीब हो या अमीर, सबको एक वोट देने का अधिकार है। बाबा साहब ने यह भी कहा था कि अगर हम किसी
अंधविश्वास या परंपरा में रहेंगे तो संविधान से परे हैं बाबा साहब ने कहा था कि पहले सोचिए, समझिए, परखिए तब किसी बात पर निर्णय लीजिए। लिहाजा अब बहुजन समाज में प्रबुद्ध वर्ग के लोगों की जिम्मेदारी बनती है कि वे संविधान विरोधी ताकतों की चाल समझें और समाज के लोगों को भी समझाएं ताकि ये वंचित और शोषित समाज संविधान विरोधी ताकतों को पहचान सके और संविधान समर्थक ताकतों के साथ खड़ा होकर उनकी ताकत को बढ़ाएं।

कार्यक्रम के संयोजक जयराम यादव थे। यह कार्यक्रम उनके आवास पर उनकी अध्यक्षता में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन राम नवल पूर्व प्रमुख विकासखंड मेंहनगर ने किया।
कार्यक्रम को पन्ना लाल यादव, राम नवल यादव प्रधान, मनोहर यादव, निवास प्रधान, कल्पनाथ यादव, उदय राज यादव सप्लाई इंस्पेक्टर, राम मदन यादव समाजसेवी, अरविंद यादव पूर्व जिला पंचायत सदस्य, फौजदार यादव पूर्व प्रधान, अवधेश चौहान अधिशासी अभियंता, श्याम लाल यादव पूर्व मंडी सचिव, लालमणि चौहान पूर्व प्रधान, वीरेंद्र यादव पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य, डॉक्टर तिलकधारी, डॉक्टर प्रेमचंद चौहान एडवोकेट, दिलीप कुमार आदि ने अपने विचार व्यक्त किये।