ओडिशा में ईसाई पादरी को बजरंग दल के सदस्यों ने जबरन खिलाया गोबर
लखनऊ। दलित, ओबीसी, माइनारिटीज, आदिवासी परिसंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद डॉ. उदितराज ने कहा कि ओडिशा के ढेंकनाल जि़ले में बजरंग दल के सदस्यों ने एक ईसाई पादरी पर हमला किया, उन्हें बेइज्ज़त किया और ज़बरदस्ती गोबर खिलाया। उन्होंने कहा कि भारत में मुसलमानों और ईसाइयों के साथ आए दिन ऐसा हो रहा है।

हम किस नैतिकता के साथ यह चिल्लाते हैं कि बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर अत्याचार क्यों हो रहा है? डॉ. उदितराज ने अपने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि हम दूसरों के साथ जो करते हैं, वह लौटकर हमारे पास ही आएगा। लंदन में एक 8 साल के हिंदू लडक़े को तिलक-चंदन लगाने की वजह से स्कूल बदलने के लिए मजबूर किया गया।
जब से भारत में अल्पसंख्यकों पर हमले बढ़े हैं, भारतीयों को अमेरिका, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, न्यूज़ीलैंड, सऊदी अरबिया और दूसरी जगहों पर मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। हिंदू अल्पसंख्यकों को पीटें या वो पीटें-दोनों में बीजेपी नैरेटिव अपने पक्ष में बना लेती है।