मंत्री पंथ ने अधिकारी का पैर छूकर कोरी समाज का अपमान किया
लखनऊ। दलित, ओबीसी, माइनारिटीज, आदिवासी परिसंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद डॉ. उदितराज ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार के श्रम एवं सेवायोजन राज्य मंत्री मनोहर लाल पंथ झांसी मंडल कमिश्नर के पैर छूते नजर आ रहे हैं। सीएम योगी को इन्हें तुरंत बर्खास्त कर देना चाहिए। इस मंत्री ने जनता का सिर नीचे किया।

लोकतंत्र में जनता की इच्छा सर्वोपरि है जिसका ये प्रतिनिधित्व करते हैं। जिन अधिकारियों से काम कराना है और उन्ही का पांव पड़ेंगे तो कैसे प्रशासन चलेगा? यह व्यक्ति जन प्रतिनिधि के योग्य नहीं है और इन्होंने कोरी समाज का अपमान अलग से किया है। निजी तौर पर किसी का जूता साफ़ करें इसमें किसी को कोई ऐतराज नहीं होगा। अगर योगी जी इन्हें नहीं हटाते हैैं तो इससे यह स्पष्ट हो जाएगा कि इनको ऐसे दलित चाहिए।
इससे पहले डॉ. उदितराज आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के बयान पर भी आपत्ति व्यक्त कर चुके हैं। उनका कहना है कि मोहन भागवत ने अपने बयान में कहा है कि ’भारत एक हिंदू राष्ट्र है, इसे संवैधानिक प्रमाण की जरूरत नहीं’ है। यूपी के मंत्री के इस कृत्य से साफ हो गया है कि भाजपा और आरएसएस की मंशा के अनुरूप ही वह मनुवादी व्यवस्था के तहत खुद को सबसे नीचा मानते हुए जगह-जगह अपना सिर झुका रहे हैं। भाजपा दलितों में सिर उठाकर चलने वालों को नहीं बल्कि जगह-जगह सिर झुकाने वालों को ही मंत्री बना रही है।