विश्वविद्यालय प्रशासन की तहरीर पर पुलिस क्यों नहीं लिख रही एफआईआर : फतेह बहादुर

Share

केजीएमयू में तोड़फोड़ और हंगामा करने की जिम्मेदार भाजपा नेता पर बुलडोजर एक्शन कब 

लखनऊ। सामाजिक संस्था बहुजन भारत के अध्यक्ष एवं पूर्व आईएएस कुंवर फतेह बहादुर ने कहा कि अगर किसी ने कोई अपराध किया है तो उसके खिलाफ पुलिस कार्रवाई करेगी या भाजपा नेता खुद सड़क पर उतरकर उस मामले में सीधी सुनवाई करने लगेंगे। उनका कहना है कि किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी में महिला आयोग की उपाध्यक्ष एवं भाजपा नेता अपर्णा यादव ने 9 जनवरी को जिस तरह से यूनिवर्सिटी परिसर में हंगामा किया  इसको लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। इस मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन ने संबंधित थाने को अपर्णा यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के लिए लिखित तहरीर दी, लेकिन अभीतक पुलिस ने अपर्णा यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया।

क्या किसी दूसरे दल या संगठन के व्यक्ति द्वारा इसी तरह का कृत्य करने पर उस पर भी नहीं होती कोई कार्रवाई

उनका कहना है कि डॉ. रमीज के मामले में पुलिस अपना काम कर रही है, लेकिन जिस तरह से भाजपा नेता अपर्णा यादव द्वारा अस्पताल परिसर में हंगामा किया गया, अगर इनकी जगह कोई और दल या अन्य किसी संगठन का व्यक्ति इस तरह से हंगामा करता तो क्या उसके खिलाफ भी पुलिस कोई कार्रवाई नहीं करती। पिछली कई घटनाओं पर नजर डाली जाये तो अन्य संगठनों द्वारा किये गये इस तरह के विरोध पर उस संगठन के व्यक्ति के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई के साथ ही यूएपीए व रासुका की भी कार्रवाई की गई है। क्या अपर्णा के खिलाफ कुलपति द्वारा थाने में तहरीर देने के बाद भी कार्रवाई महज इसलिए नहीं हो रही क्योंकि वह भाजपा की नेता हैं। कुंवर फतेह बहादुर ने कहा कि किसी भी परिसर खासतौर पर मेडिकल परिसर में तोड़फोड़ निंदनीय है और इस मामले में दोषी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। डॉ. रमीज के मामले में पुलिस व अन्य जांच एजेंसियां अपनी जांच कर रहीं हैं। सरकार को किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की इजाजत नहीं देनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *