आजाद समाज पार्टी के प्रदेश कार्यालय में हुई संगठन के विस्तार पर चर्चा
लखनऊ। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम)के प्रदेश अध्यक्ष सुनील चित्तौड़ ने लखनऊ स्थित प्रदेश कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ संगठन के विस्तार पर चर्चा की और कार्यकर्ताओं के सतत प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि संगठन की जमीनी मजबूती ही आगामी राजनीतिक संघर्षों की नींव है। मुजफ्फरनगर रैली की ऐतिहासिक सफलता पर उन्होंने सभी सेक्टर प्रभारियों, बूथ अध्यक्षों, महिला टीम, युवा शक्ति और हर समर्पित कार्यकर्ता को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह रैली बहुजन समाज की एकता, संकल्प और राजनीतिक चेतना का प्रमाण है।

जिला पंचायत चुनाव के लिए विशेष निर्देश
प्रदेश अध्यक्ष चित्तौड़ ने बैठक में आगामी जिला पंचायत चुनाव को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश भी जारी किए। जिसके तहत प्रत्येक सेक्टर व बूथ स्तर पर मतदाता सूची का सूक्ष्म सत्यापन करने के निर्देश दिये। साथ ही यह भी कहा कि बूथ अध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान तेज करें और मतदाताओं से घर-घर संवाद बनाएं। योग्य, लोकप्रिय और संघर्षशील कार्यकर्ताओं के नाम समय से जिला संगठन को भेजें, ताकि उनकी ऊर्जा की उपयोगिता संगठन के लिए की जा सके। उन्होंने यह भी निर्देश दिये कि चुनाव प्रबंधन, प्रशिक्षण और रणनीति के लिए समन्वय टीमों का गठन किया जाए। ‘एक बूथ—दस यूथ’ की रणनीति के तहत युवाओं को बूथ मजबूती में सक्रिय रूप से लगाया जाए। सभी पदाधिकारी चुनाव अवधि में अनुशासन, पारदर्शिता और संगठनात्मक एकता बनाए रखें। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि ‘संगठन की मजबूत तैयारी और कार्यकर्ताओं की एकजुटता ही जिला पंचायत चुनाव में निर्णायक विजय दिलाएगी।
बैठक में सेक्टर, बूथ और संपूर्ण संगठनात्मक संरचना की विस्तृत समीक्षा की गई

प्रदेश प्रवक्ता देव प्रताप सिंह ने पार्टी की सफलता के लिए मीडिया, तकनीकी और मैनेजमेंट की भूमिका पर निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक क्षेत्र में मतदाता सूची का सूक्ष्म परीक्षण, नए वोट जोडऩे और गलतियों को सुधारने पर जोर दिया जाए। स्थानीय मुद्दों की पहचान कर क्षेत्र-विशिष्ट चुनावी एजेंडा तैयार किया जाए। रणनीति, संवाद और कार्यक्रम संचालन के लिए वार रूम मॉडल लागू किया जाए। संघर्षशील और लोकप्रिय कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देते हुए टिकट/समर्थन के लिए नाम भेजे जाएं।