आसपा प्रमुख ने अलीपुर मंदरा, विधानसभा जखनियां, गाजीपुर में कहा विपक्ष के लोगों से लड़ना नहीं चाहते, लेकिन अहंकार किसी के लिए भी अच्छा नहीं होता

अलीपुर मंदरा (जखनियां)। गाजीपुर में आयोजित आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) के विशाल कार्यकर्ता बूथ सम्मेलन को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद एडवोकेट चंद्रशेखर आज़ाद ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “भाजपा के ताबूत में अंतिम कील आज़ाद समाज पार्टी और भीम आर्मी के सिपाही ही ठोकेंगे।”
उन्होंने विपक्षी दलों से एकजुट होने की अपील करते हुए कहा कि वे विपक्ष के लोगों से लड़ना नहीं चाहते, लेकिन अहंकार किसी के लिए भी अच्छा नहीं होता। उन्होंने कहा कि कुछ नेता गठबंधन की आवश्यकता नहीं होने की बात कर रहे हैं, जबकि जनता ने पिछले चुनावों के परिणाम देखे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर अपने दम पर जीतना इतना आसान होता तो 2017, 2022 और 2024 के राजनीतिक नतीजे अलग होते।
चंद्रशेखर आज़ाद ने कहा कि आज बूथ स्तर पर काम करने वाला कार्यकर्ता सबसे अधिक बदलाव चाहता है, क्योंकि पांच वर्षों तक पुलिस की लाठियां और प्रशासनिक उत्पीड़न वही झेलता है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल चाहे या न चाहे, भाजपा को सत्ता से हटाने का संघर्ष जारी रहेगा।

कानून व्यवस्था पर सरकार को घेरा
उन्होंने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था को विफल बताते हुए लखनऊ ट्रिपल मर्डर का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि शिव प्रकाश विश्वकर्मा, रामलखन मौर्य और पार्टी कार्यकर्ता विनोद साहनी की हत्या जैसी घटनाएं प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था का प्रमाण हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों और मुसलमानों के साथ अन्याय बढ़ रहा है।
बेरोजगारी, पेपर लीक और आरक्षण पर हमला
उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी चरम पर है, युवा नौकरी की उम्मीद में सरकार की ओर देख रहे हैं, लेकिन भर्ती घोटाले, पेपर लीक और धांधलियों ने उनका भविष्य बर्बाद कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरक्षण को कमजोर कर अपने चहेतों को नौकरियां दी जा रही हैं।

पुलिस कर्मियों के मुद्दों पर बोले
चंद्रशेखर आज़ाद ने कहा कि उन्होंने हमेशा पुलिस कर्मियों के अधिकारों की आवाज उठाई है। चाहे बॉर्डर स्कीम समाप्त करने का मामला हो, आठ घंटे की ड्यूटी, साप्ताहिक अवकाश या भत्तों में बढ़ोतरी की मांग—हर मुद्दे पर उन्होंने पुलिस कर्मियों का साथ दिया है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब उनकी पार्टी पुलिस के कर्मचारियों के हितों की बात करती है फिर भी कार्यकर्ताओं पर अत्याचार पुलिस के लोगों के द्वारा ही किया जाता हैं
पूना पैक्ट और ईडब्ल्यूएस आरक्षण पर सवाल
अपने संबोधन में उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा पूना पैक्ट किए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि बाबा साहेब ने अपने समाज की सुरक्षा और अस्तित्व को बचाने के लिए कठिन परिस्थितियों में समझौता किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना समुचित डेटा व सर्वे के ईडब्ल्यूएस आरक्षण लागू किया गया। उन्होंने सवाल किया कि यदि दलित, पिछड़े और आदिवासियों का आरक्षण विरोधियों की नजर में “भीख” है, तो ईडब्ल्यूएस आरक्षण को क्या कहा जाएगा।

बुलडोजर राजनीति पर निशाना
उन्होंने कहा कि प्रदेश में झूठे आरोपों के आधार पर बुलडोजर और एनकाउंटर की कार्रवाई की जा रही है। मस्जिद, मदरसा और कब्रिस्तान के मामलों में त्वरित कार्रवाई होती है, जबकि सरकार हिंदू-मुस्लिम की राजनीति कर जनता का ध्यान असली मुद्दों से भटका रही है।
सामाजिक सम्मान की बात
चंद्रशेखर आज़ाद ने कहा कि दुनिया के कई देशों में मेहनत और मजदूरी करने वाले लोगों का सम्मान होता है, लेकिन भारत में आज भी सम्मान का पैमाना जाति, पॉवर और पैसे से तय किया जाता है। उन्होंने कहा कि उन्हें बहुजन समाज के मान, सम्मान, स्वाभिमान और जीवन की सबसे अधिक चिंता है और यही उनकी राजनीति का उद्देश्य है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया।