प्रदेश अध्यक्ष जेके सचान व महामंत्री प्रद्युम्न सिंह के संघर्ष से संवर्ग को मिला गौरवशाली मुकाम
लखनऊ। आज का दिन डिप्लोमा फार्मासिस्ट राजपत्रित अधिकारी एसोसिएशन (डीपीआरए) के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज हो गया है। लखनऊ जिला मंत्री राजीव कनौजिया ने अत्यंत हर्ष के साथ यह घोषणा की है कि संगठन के शीर्ष नेतृत्व की दूरदर्शिता और शासन स्तर पर की गई ‘अभेद्य’ पैरवी के फलस्वरूप इकबाल अहमद को ‘विशेष कार्याधिकारी (भेषजी)’ के पद पर पदोन्नत करने का ऐतिहासिक आदेश जारी हो गया है।
नेतृत्व की तपस्या और अटूट संकल्प की विजय पर जिला मंत्री राजीव कनौजिया ने इस सफलता को प्रदेश अध्यक्ष श्री जेके सचान एवं प्रदेश महामंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह के ‘भगीरथ प्रयासों’ का प्रतिफल बताते हुए कहा कि ‘यह मात्र एक पदोन्नति का आदेश नहीं है, बल्कि हमारे प्रदेश अध्यक्ष श्री जे0 के0 सचान जी और महामंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह जी के उस अटूट धैर्य और कठोर परिश्रम की विजय है, जो उन्होंने पिछले कई वर्षों से फार्मासिस्ट संवर्ग के मान-सम्मान के लिए किया है। उनके द्वारा शासन के उच्च अधिकारियों और मंत्रियों के साथ की गई निरंतर बैठकों, तर्कपूर्ण प्रस्तुतीकरण और बिना थके किए गए संघर्ष ने ही आज हमें इस मुकाम पर पहुँचाया है। यह नेतृत्व की वह ‘तपस्या’ है जिसने असंभव को संभव कर दिखाया। ‘
राजीव कनौजिया ने समस्त जिला कार्यकारिणी की ओर से अपने यशस्वी नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि जेके सचान और प्रद्युम्न सिंह की जोड़ी ने न केवल संगठन को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है, बल्कि संवर्ग के प्रत्येक सदस्य के मन में यह विश्वास जगाया है कि जब नेतृत्व मजबूत हो, तो जीत निश्चित है। इकबाल अहमद की यह नियुक्ति हमारे कैडर के स्वर्णिम भविष्य की शुरुआत है। इसके लिए अपने दोनों शीर्ष नेताओं का कोटि-कोटि आभार।