दलितों, मुस्लिमों और पिछड़ा वर्ग के लोगों को अधर्म का साथ देने के लिए बने गठबंधन से सावधान रहने की जरूरत

लखनऊ। सामाजिक संस्था बहुजन भारत के अध्यक्ष एवं पूर्व आईएएस कुंवर फ़तेह बहादुर ने कहा कि यूपी में अगले साल यानि 2027 में विधानसभा के चुनाव होने हैं, ऐसे में कुछेक दल भी खुद को बहुजन समाज का हितैषी बताकर एक नया गठबंधन बनाकर चुनाव मैदान में आ गए हैं। उन्होंने कहा कि बहुजन समाज में खासतौर पर दलितों, मुस्लिमों और पिछड़ा वर्ग के लोगों को यह देखना होगा कि कहीं इनके मैदान में आने से संविधान विरोधी ताकतें मजबूत तो नहीं हो रहीं हैं, क्योंकि ये चुनाव भी संविधान विरोधी ताकतों और संविधान समर्थक ताकतों के बीच होना है। ये चुनाव धर्म और अधर्म के बीच होगा, ऐसे में जो लोग संविधान विरोधियों के साथ हैं वह अधर्म के साथ हैं और बहुजन समाज के लोगों को इस लड़ाई में अधर्म के साथ खड़े किसी का भी किसी भी कीमत में साथ नहीं देना है, अगर हमारा भाई भी अधर्म के साथ खड़ा है तो हमें उसका भी विरोध करना होगा।
कुंवर फ़तेह बहादुर ने कहा कि बहुजनों को 2024 में हुए लोकसभा चुनाव चुनाव की तरह ही बहुजनों को यूपी में के बार फिर सपा- कांग्रेस के इण्डिया गठबंधन के साथ मजबूती से खड़ा होना होगा क्योंकि ये दोनों दल ही देश का संविधान बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं, जबकि भाजपा घोषित तौर पर संविधान ख़त्म करने की बात करती है, अगर 2027 में यूपी में भाजपा जीती तो संविधान पर संकट आ जायेगा और बहुजनों को संविधान में प्रदत्त अधिकार मिलने बंद हो जायेगे। लिहाजा संविधान की रक्षा के लिए बहुजनों को भाजपा के सहयोग के लिए गठबंधन करके मैदान में आ रहे लोगों से सावधान रहना है, क्योंकि ओवैसी-चंद्रशेखर का गठबंधन हो या बसपा ये महज इसलिए चुनाव मैदान में हैं ताकि ये संविधान समर्थकों का वोट काटकर भाजपा को सरकार बनाने में मदद कर सकें। कुंवर फ़तेह बहादुर ने कहा कि संविधान विरोधी लोग तरह-तरह के हथकंडे अपना रहे हैं। कैसे आपका अधिकार सीमित किया जाए और आपके वोट के अधिकार को खत्म किया जाए। अब हम लोगों को यह भी देखना पड़ेगा कि बाबा साहब ने जो वोट का अधिकार दिया है उस वोट के अधिकार में इतनी शक्ति है कि जिससे हम सत्ता की प्राप्ति कर सकते हैं।