न्याय की लड़ाई जारी रहेगी, बेटियों को न्याय और सम्मान दिलाकर रहेंगे : अमित गौतम

लखनऊ आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं माननीय सांसद चंद्रशेखर आजाद जी के निर्देशानुसार, बहन निशा कठेरिया को न्याय दिलाने एवं उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करने के उद्देश्य से आज लखनऊ में कैंडल मार्च निकाला गया।
यह कैंडल मार्च हिंदी संस्थान से प्रारंभ होकर हजरतगंज स्थित भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की प्रतिमा तक पहुंचा। इस दौरान पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने मोमबत्तियां जलाकर बहन निशा कठेरिया को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके लिए न्याय की पुरजोर मांग उठाई।
प्रदेश कोषाध्यक्ष अमित गौतम ने कहा कि फिरोजाबाद की निशा कठेरिया के साथ दबंगों ने सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी थी, लेकिन स्थानीय पुलिस अभियुक्तों के खिलाफ किसी भी तरह की कार्रवाई से बच रही है और अभियुक्तों को बचाने में लगी हुई है।
इस अवसर पर प्रदेश कोषाध्यक्ष अमित गौतम , प्रदेश सचिव अनिकेत धानुक , जोन प्रभारी लखनऊ मानस राव , जिला अध्यक्ष अजय भारती , महानगर अध्यक्ष विवेक कुमार , संजय कुशवाहा , निसाब सिद्दीकी एवं विधानसभा अध्यक्ष राहुल गौतम सहित बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
सभी ने एकजुट होकर बहन निशा कठेरिया को न्याय दिलाने तथा बेटियों की सुरक्षा, सम्मान एवं अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई। कैंडल मार्च के माध्यम से मांग की गई कि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए दोषियों के विरुद्ध कठोर कदम उठाए जाएं और बहन निशा कठेरिया को न्याय दिलाया जाए।आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने स्पष्ट किया कि बहन निशा कठेरिया को न्याय दिलाने की लड़ाई तब तक जारी रहेगी, जब तक उन्हें न्याय नहीं मिल जाता।