संविधान दिवस पर आसपा की रैली में रमाबाई अम्बेडकर मैदान में जुटेंगे 10 लाख लोग

Share

26 नवंबर की ‘बहुजन स्वराज संकल्प महारैली’ को ऐतिहासिक बनाने के लिए समीक्षा बैठक संपन्न

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के एक निजी गेस्ट हाउस में 26 नवंबर, संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाली ‘बहुजन स्वराज संकल्प महारैली’ को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने के उद्देश्य से आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद एडवोकेट चंद्रशेखर आजाद , भीम आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय रतन सिंह  तथा राष्ट्रीय महासचिव रविंद्र भाटी  व पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार चित्तौड़  व भीम आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप भार्गव के नेतृत्व में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई।

बैठक में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पहुंचे भीम आर्मी एवं आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के सम्मानित प्रदेश स्तरीय पदाधिकारियों, एवं जोन स्तर के पदाधिकारियों, मंडल स्तर के पदाधिकारियों, सभी जिला अध्यक्षों तथा विभिन्न फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारियों ने प्रतिभाग किया।

बैठक में 26 नवंबर को लखनऊ में आयोजित होने वाली महारैली की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही प्रदेश के कोने-कोने से आने वाले लाखों लोगों की सुविधा, आवागमन, सुरक्षा, अनुशासन एवं कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि रैली में शामिल होने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और पूरा कार्यक्रम व्यवस्थित एवं अनुशासित ढंग से संपन्न हो सके।

महारैली को सफल बनाने के लिए प्रत्येक मंडल से 100 वॉलंटियर लाने का निर्देश दिया गया, जो कार्यक्रम के दौरान व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट चंद्रशेखर आजाद  ने कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह भरते हुए कहा कि 26 नवंबर को लखनऊ नीला हो जाएगा और जय भीम के नारों से राजधानी गूंज उठेगी। हर तरफ नीले झंडे और नीली विचारधारा के समर्थक नजर आएंगे। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत, एकजुटता और जिम्मेदारी के साथ महारैली को ऐतिहासिक बनाने की अपील की।

बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों ने संकल्प लिया कि 26 नवंबर की बहुजन स्वराज संकल्प महारैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रदेश के प्रत्येक गांव, कस्बे और जनपद तक व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा तथा अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *