नीले पटके वालों की सरकार बनेगी, तब प्रदेश से माफिया राज और गुंडागर्दी खत्म होगी : चंद्रशेखर आजाद

Share

हापुड़ में विशाल कार्यकर्ता एवं बूथ सम्मेलन में उमड़ा जनसैलाब

हापुड़। विधानसभा हापुड़ में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष एवं विधानसभा प्रभारी/प्रत्याशी भाई वीरेंद्र कुमार शिरीष के समर्थन में विशाल कार्यकर्ता एवं बूथ सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद चंद्रशेखर आजाद जी ने बहुजन महापुरुषों का स्मरण करते हुए लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की जयंती पर उन्हें आदरांजलि अर्पित करके की।

राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में गरीब, मजलूम और बहुजन समाज के लोगों के साथ लगातार अन्याय, अत्याचार और हिंसा की घटनाएं हो रही हैं। बहन-बेटियों पर अत्याचार की घटनाएं भी थमने का नाम नहीं ले रही हैं। उन्होंने हापुड़ के दीपक कुमार, रमन सागर, रामलखन मौर्य, विनोद साहनी, शिवप्रकाश विश्वकर्मा, कौशांबी की पाल समाज की बेटी, व्यापारी भाइयों तथा पत्रकार नरसिंह जी के मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि पीड़ित परिवारों को आज तक न्याय नहीं मिल पाया है। उन्होंने कहा कि “जब नीले पटके वालों की सरकार बनेगी, तब प्रदेश से गुंडागर्दी और माफिया राज को जड़ से समाप्त करने का काम किया जाएगा।

“ईवीएम की जगह बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग”

चुनाव आयोग पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि देश में ईवीएम की जगह बैलेट पेपर से चुनाव कराए जाने चाहिए, ताकि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे और चुनाव आयोग के प्रति जनता का विश्वास कायम रह सके। चंद्रशेखर आजाद ने प्रदेश के गन्ना किसानों की समस्याओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि बड़े पैमाने पर गन्ने की पैदावार करने वाले किसानों को उनकी फसल का भुगतान समय पर नहीं मिल पा रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि गन्ने का मूल्य ₹600 प्रति क्विंटल निर्धारित किया जाना चाहिए, ताकि किसानों को उनकी लागत, मेहनत और फसल का उचित मूल्य मिल सके। उन्होंने किसानों को समय पर भुगतान और उनकी उपज का उचित दाम सुनिश्चित किए जाने की मांग की।

“कर्मचारियों और संविदाकर्मियों के मुद्दे उठाए”

प्रदेश के विभिन्न सरकारी विभागों में कार्यरत कर्मचारियों एवं संविदाकर्मियों की समस्याओं पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि होमगार्ड, अनुदेशक, शिक्षामित्र, शिक्षक, पुरानी पेंशन के हकदार कर्मचारी, आशा-आंगनबाड़ी बहनें, भोजन माताएं, पंचायत सहायक और रोजगार सेवक सहित हर वर्ग की आवाज उठाने का काम भीम आर्मी एवं आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पूरी मजबूती से किया है। उन्होंने बहुजन समाज से आह्वान किया कि “एक बार अपने हाथों में राज-काज की जिम्मेदारी लेकर देखिए, फिर आपको किसी के सामने अपने अधिकारों के लिए हाथ फैलाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।”शिक्षा व्यवस्था पर अपनी बात रखते हुए उन्होंने कहा कि नीले पटके वालों की सरकार बनने पर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, विधायक, सांसद और मंत्री सहित सभी अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के बच्चे सरकारी स्कूलों में ही पढ़ेंगे, जहां गरीब, मजदूर और किसान के बच्चे शिक्षा प्राप्त करते हैं।उन्होंने कहा कि जब सभी वर्गों के बच्चे एक समान सरकारी स्कूलों में पढ़ेंगे, तभी देश की शिक्षा व्यवस्था में वास्तविक सुधार आएगा। उन्होंने यह भी कहा कि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को सरकारी नौकरियों में जाने की वरीयता दी जाएगी।

“सरकारी अस्पतालों की व्यवस्था पर उठाए सवाल”

सरकार द्वारा खोले गए अस्पतालों की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए चंद्रशेखर आजाद ने एम्स गोरखपुर की डायरेक्टर के निजी अस्पताल में इलाज कराने के संदर्भ का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों और अस्पतालों में व्याप्त भ्रष्टाचार, गुंडाराज और माफिया तंत्र के रूप में विकसित हो चुके सिंडिकेट को जड़ से समाप्त किया जाएगा, जो निरंतर गरीब जनता की जेब पर डाका डालने का काम कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *